हरियाणा प्रदेश में महिला एएसआई को 33 हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में किया जाएगा पेश
हरियाणा की बड़ी खबरों में कुरूक्षेत्र से हैं। जहां पर ACB यानि एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने महिला एएसआई को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। ACB की टीम ने दहेज उत्पीडऩ के मामले में ससुराल पक्ष के हित में बयान दर्ज करने के लिए 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक महिला एएसआई को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपित महिला ASI ने 35 हजार रुपये की मांग की थी, इसमें से शिकायतकर्ता ने पहले ही 2000 रुपये दिए थे। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। रिश्वत लेते पकड़ी गई महिला एएसआई को आज शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ACB के निरीक्षक राजेश ने बताया कि गांव शरीफगढ़ निवासी नवदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पंजाब के जिला जालंधर के रामगढ़ फिलौर निवासी सिमरनजीत सिंह उसके ताऊ का बेटा है। सिमरनजीत की शादी 15 सितंबर 2024 को ज्योतिसर की रहने वाली एक महिला से हुई थी। शादी विवाह के करीबन 6 माह बाद लडक़ी के पिता ने उसे अपने घर ले जाकर वापस नहीं भेजा।
इसके बाद करीबन एक वर्ष बाद लडक़ी पक्ष ने सिमरनजीत के खिलाफ महिला हेल्प डेस्क कुरुक्षेत्र में झूठी शिकायत दर्ज करवाई। नवदीप ने बताया कि मामले की जांच कर रही एएसआई शर्मिला मलिक ने उन्हें बताया कि लडक़ी पक्ष 10 लाख रुपये की मांग कर रहा है। उन्होंने पहले ही सेक्शन 9 के तहत कोर्ट में अपील की थी और उसकी कापी एएसआई को दे दी थी।
इसके बाद ASI ने उनसे कहा कि बयान उनके पक्ष में लिखने के लिए 50000 रुपये देने होंगे। मना करने पर उसने रकम घटाकर 35000 कर दी और कुछ रुपये तुरंत देने को कहा। शिकायतकर्ता ने मजबूरी में 2000 रुपये उसी समय दे दिए और एएसआई ने सिमरनजीत से कोरे कागज पर साइन भी करवा लिए। इसके बाद बाकी 33000 रुपये बाद में देने के लिए कहा गया और शुक्रवार को उन्हें यह बाकी के रुपये लाने के लिए बुलाया गया।
टीम गठित कर की रेड
बताया जा रहा है कि नवदीप ने आरोपित महिला ASI से हुई बातचीत की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी। एसीबी के निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि आरोपित एएसआइ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसका मेडिकल करवाया जाएगा और मेडिकल के बाद आज शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।