भावदीन टोल प्लाजा पर कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, दिवाली बोनस और 70 प्रतिशत स्थानीय भर्ती की मांग
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
दिवाली बोनस तथा अन्य जायज मांगों को लेकर भावदीन टोल प्लाजा के स्थानीय कर्मचारियों ने टोल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले में भारतीय किसान एकता (बीकेई) भी कर्मचारियों के समर्थन में खुलकर सामने आ गई है। भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख तथा बीकेई टोल प्लाजा यूनियन के प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि भावदीन टोल प्लाजा के मैनेजर, कैशियर और अन्य प्रबंधकों द्वारा स्थानीय कर्मचारियों के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है।
अपनी मांगों और दिवाली बोनस को लेकर स्थानीय कर्मचारियों ने कल शाम से शांतिपूर्ण हड़ताल शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की जायज मांगों को सुनने की बजाय टोल प्लाजा के मैनेजर ओम प्रताप ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए कल शाम लगभग 8:00 बजे व्हाट्सएप ग्रुप में एक तुगलकी फरमान जारी कर दिया।
इस मैसेज के माध्यम से स्थानीय कर्मचारियों के रहने और खाने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दे दिया गया। इस दौरान ड्यूटी व हड़ताल पर मौजूद स्थानीय कर्मचारियों में 9 लड़कियां भी शामिल थीं, जिन्हें रात के समय इस तरह के आदेश से भारी परेशानी और असुरक्षा का सामना करना पड़ा। बीकेई नेताओं और वर्कर्स यूनियन ने टोल प्रबंधन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि टोल प्लाजा पर स्थानीय कर्मचारियों की 70 प्रतिशत भर्ती की जाए तथा पंजाब में चल रहे टोल प्लाजा की तर्ज पर उन्हें वेतन तथा सुविधा दी जाएं। यदि जल्द से जल्द दिवाली बोनस जारी करते हुए कर्मचारियों की सभी मांगों को नहीं माना गया तो यूनियन और कर्मचारी टोल प्लाजा को 'पर्ची मुक्त' (फ्री) करने को मजबूर होंगे।
इससे होने वाले किसी भी नुकसान और स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं टोल प्लाजा प्रबंधन की होगी। स्थानीय युवाओं और बेटियों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार व शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर भारतीय किसान एकता के प्रदेश प्रवक्ता गुरप्रीत सिंह संधू, बलदेव सिंह भट्टी, बीकेई टोल प्लाजा यूनियन के प्रधान विनोद कुमार, भगत सिंह, राहुल कुमार, परगट सिंह, पवन कुमार, संदीप कुमार, अनिल कुमार, मुकेश कुमार, सुरेंद्र गिरी, कर्मजीत कौर, बलजिंदर कौर सहित बड़ी संख्या में टोल प्लाजा के स्थानीय कर्मचारी मौजूद रहे।