दिव्यांगजन सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान, 31 तक करें ऑनलाइन आवेदन
mahendra india news, new delhi
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा व्यक्तिगत उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम (2016) के तहत दिव्यांग व्यक्तियों और किसी भी दिव्यांगता से पीडि़त व्यक्तियों के सशक्तिकरण के लिए काम करने वाले नागरिकों के कार्य को मान्यता देना और प्रोत्साहित करना है।
दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की अनुसूची में निर्दिष्ट श्रेणी में 40 प्रतिशत या उससे अधिक बेंचमार्क दिव्यांगता वाला कोई भी व्यक्ति स्वयं को नामांकित कर सकता है या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा विभिन्न पुरस्कारों की किसी भी एक श्रेणी के लिए नामांकित कर सकता है। लेकिन पिछले पांच वर्षों के दौरान उन्हें दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा कोई भी राष्ट्रीय पुरस्कार न दिया गया हो। इच्छुक नागरिक 31 जुलाई तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा पुरस्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इन श्रेणी में कर सकते हैं आवेदन
सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन श्रेणी पुरस्कार के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। इसी तरह श्रेष्ठ दिव्यांगजन कैटेगरी पुरस्कार के लिए भी 18 वर्ष से अधिक आयु होनी चाहिए। वहीं श्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग बाल-बालिका वर्ग के लिए 18 वर्ष की आयु तक के दिव्यांग बच्चे आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति, दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पेशेवर, दिव्यांगता के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान-नवप्रवर्तन-उत्पाद विकास आदि कैटेगरी में पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर यह मिलेगा सम्मान
सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन पुरस्कार के तहत चयनित प्रत्येक नागरिक को दो लाख रुपये, पदक व प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इसी तरह श्रेष्ठ दिव्यांगजन श्रेणी पुरस्कार व श्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग बाल-बालिका श्रेणी में चयनित प्रत्येक को एक लाख रुपये, पदक व प्रमाण पत्र दिया जाएगा। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति, दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पेशेवर और दिव्यांगता के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान, नवप्रवर्तन, उत्पाद विकास जैसे क्षेत्र के लिए एक लाख रुपये, पदक व प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
श्रेणी अनुसार यह रहेगी पुरस्कारों की संख्या
सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन श्रेणी में महिला एवं पुरुष वर्ग अनुसार (तीन-तीन) कुल छह पुरस्कार दिए जाएंगे। इसी तरह श्रेष्ठ दिव्यांगजन श्रेणी में अलग-अलग पाँच उपश्रेणी अनुसार कुल 10 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, इसमें प्रत्येक उपश्रेणी में पुरुष और महिला के लिए (एक-एक) पुरस्कार प्रदान किया जाना है। श्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग बाल-बालिका श्रेणी में पुरुष और महिला वर्ग अनुसार (एक-एक) यानि कुल दो पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति, दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पेशेवर, दिव्यांगता के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान-उत्पाद विकास के लिए श्रेणी अनुसार केवल एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय चयन समिति पुरस्कारों की किसी भी श्रेणी/उप-श्रेणी अर्थात व्यक्तिगत उत्कृष्टता या संस्थागत सशक्तिकरण श्रेणी में तीन अतिरिक्त पुरस्कारों की सिफारिश कर सकती है। कोई भी पात्र व्यक्ति स्वयं या अपनी ओर से या अपने अभिवावक परिवार के सदस्य, जिसके साथ वह जुड़ा हुआ है, को नामांकित कर सकता है। पुरस्कार विजेताओं का चयन राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग समितियों की सिफारिशों के आधार पर किया जाएगा। यह समारोह अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर हर साल तीन दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाता है।