गांव हंजीरा निवासी इंद्रजीत बैनीवाल 33 साल की सेवा के उपरांत हुए सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई

 
mahendra india news, new delhi

नाथूसरी चौपटा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय कैरांवाली में कार्यरत मुख्याध्यापक इंद्रजीत बैनीवाल करीबन 33 सालों की गौरवपूर्ण राजकीय सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर कैंरावाली स्कूल परिसर में एक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा गणमान्य लोगों ने भाग लेकर उनके योगदान को याद किया। 

इस समारोह में वक्ताओं ने कहा कि इंद्रजीत बेनीवाल ने अपने कुशल नेतृत्व, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण से विद्यालय को नई पहचान दिलाई। उनके कार्यकाल के दौरान विद्यालय ने न केवल खंड स्तर बल्कि जिला स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ नैतिक मूल्यों के निर्माण में भी उनका योगदान सराहनीय रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चौपटा खंड के बीईओ सतीश डिडवाडय़िा, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमप्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी भट्टू कला ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने संबोधित करते हुए कहा कि इंद्रीत बेनीवाल की कार्यशैली, समर्पण और शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विशेष अतिथि के रूप में मंजू पूनियां, प्राचार्य राजकीय माध्यमिक विद्यालय सावंतखेड़ा-द्वितीय तथा सुमन, प्राचार्य राजकीय माध्यमिक विद्यालय मोडियाखेड़ा, सुभाष बैनीवाल, जिलाभर से अनेक गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बेनीवाल का अनुभव और मार्गदर्शन शिक्षा जगत के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने प्रिय मुख्याध्यापक को विदाई दी और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। 

अपने संबोधन में सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक इंद्रजीत बैनीवाल ने विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सहयोगी शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बिताया गया समय उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि रहा है और वे सदैव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते रहेंगे। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने बेनीवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सुखद, स्वस्थ और सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। यह अवसर भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा, जहां सभी ने उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।