अघोषित बिजली कटों व महंगाई के खिलाफ इनेलो का हल्लाबोल प्रदर्शन 2 को, कहा, बिजली सुधारीकरण पर 540 करोड़ खर्चने के बावजूद स्थिति गंभीर

 

  mahendra india news, new delhi
 इंडियन नेशनल लोकदल के जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा ने कहा कि जिले में लग रहे बिजली निगम की ओर से लंबे बिजली के कट आमजन के लिए संकट का सबब बने हुए हैं जिसके खिलाफ इनेलो आगामी 2 जून को उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन का नेतृत्व रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला व डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल संयुक्त रूप से करेंगे।

गुरुवार को जारी बयान में इनेलो प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा ने कहा कि जिले में बिजली के लंबे लंबे अघोषित कटों से आमजन का जीना हराम हो गया है जबकि राज्य सरकार विकास के गुणगान करते नहीं थक रही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए 540 करोड़ रुपए खर्च किए जाने का प्रावधान का दावा किया जा रहा है, उसके बावजूद जिले में लग रहे बिजली के लंबे लंबे कटों ने यह सिद्ध कर दिया है कि बिजली सुधारीकरण व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आया है।

इनेलो जिला प्रेस प्रवक्ता ने बताया कि BJP शासन में निरंतर बढ़ रही महंगाई, पेट्रो पदार्थों की कीमतों में बढ़ौतरी के चलते देशवासियों का गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है जबकि भाजपाई विकास के नाम पर अपनी ही पीठ ठोकने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इनेलो ने सदैव आमजन के हित में संघर्ष किया है और इस बार भी बिजली के अघोषित लंबे लंबे कटों व निरंतर बढ़ रही महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।