घरों में लगाएं पक्षियों के लिए अधिक से अधिक पानी के सकोरे: बाबा ब्रह्मदास महाराज
mahendra india news, new delhi
प्रचंड गर्मी से पक्षियों को बचाने के लिए पूर्णिमा के पावन पर्व पर मुख्य धाम डेरा भूमणशाह में गद्दीनशहन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज के पावन सान्निध्य में श्रद्धालुओं को मिट्टी के सकोरे वितरित किए गए। इस मौके पर बाबा ब्रह्मदास महाराज ने कहा कि गर्मी के दिनों में इंसान अपनी प्यास बुझाने के कई साधन जुटा लेता है, लेकिन पक्षियों और अन्य जीवों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। कई बार पानी नहीं मिलने से उनकी जान तक चली जाती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सभी जीव-जंतुओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
पक्षी अपनी तकलीफ व्यक्त नहीं कर सकते, इसलिए समाज का दायित्व है कि उनके लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करें। बाबा ब्रह्मदास महाराज ने आमजन से आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा पक्षियों के लिए पानी के कसोरे अपने-अपने घरों व आसपास के क्षेत्रों में लगाएं, ताकि कोई भी जीव पानी के अभाव में दम न तोड़ सके। साथ ही बाबा ब्रह्मदास महाराज ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आग्रह किया, ताकि पर्यावरण का संतुलन बना रहे और हरियाली से पक्षियों का आवागमन होता रहे। बाबा ब्रह्मदास महाराज के आह्वान पर श्रद्धालुओं ने पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया।
साथ ही गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक स्थानों पर दाना-पानी की व्यवस्था करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का वादा किया। डेरे के सेवक सचिव विनोद एडवोकेट ने बताया कि मुख्य धाम डेरा भूमणशाह की ओर से मानवता भलाई व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनेक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आमजन में अधिक से अधिक जागरूकता आए।