Sirsa में सड़कों के बीच में खंभों को हटाने और रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरने वाली खतरनाक बिजली लाइनों की शिफ्टिंग के निर्देश

 
Mahendra india news, new delhi
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह, आईएएस की अध्यक्षता में बुधवार को सिरसा स्थित सर्कल कार्यालय में ऑपरेशनल रिव्यू कमेटी (ओआरसी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रबंध निदेशक ने बिजली निगम के अधिकारियों के साथ जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं और उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की तथा इसे और बेहतर बनाने के दिशा निर्देश दिए।

बैठक में प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि निगम की प्राथमिकता उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि बिजली से संबंधित किसी भी उपभोक्ता की शिकायत मिलने पर अधिकारी उसे गंभीरता से लें और उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ और अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए ताकि किसी भी तकनीकी या बिलिंग समस्या के लिए उपभोक्ताओं को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने सड़कों के बीच में स्थित विद्युत खंभों को हटाने और रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरने वाली खतरनाक बिजली लाइनों की शिफ्टिंग के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके साथ ही ‘मेरा गांव जगमग गांव’ योजना सहित बिजली से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन गांवों में कार्य अधूरा है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

उन्होंने ट्यूबवेल कनेक्शनों की वर्तमान स्थिति और आवेदनों पर चर्चा करते हुए संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर बिजली मिल सके। इसके साथ ही लंबित सोलर बिलिंग की समीक्षा के साथ-साथ बिलिंग दक्षता बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

MD विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लाइन लॉस को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाएं और ओआरसी बिंदुओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए बेहतर प्रबंधन से निगम को सशक्त बनाने की दिशा में काम करें।

इस मौके पर निदेशक (ऑपरेशन) विपिन गुप्ता, मुख्य अभियंता (कमर्शियल) अनिल शर्मा, मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) राजेंद्र सभरवाल, अधीक्षण अभियंता एमएम- एमएल सुखीजा, कमर्शियल- एसके सिंह, सीबीओ- वीरेंद्र लांबा, मॉनिटरिंग- हरिदत्त, स्टोर कंट्रोलर- एसएस कंटूरा सहित निगम मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सिरसा के कार्यकारी अभियंता जीतराम, धीरज कुमार एवं अनुज कुमार सहित सभी उपमंडल अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।