सिरसा की मंडियों में धान उठान समय पर करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
mahendra india news, new delhi
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के उप-निदेशक सुरेंद्र सैनी ने शनिवार को जिले में कार्यरत परिवहन, श्रम एवं ढुलाई ठेकेदारों के साथ बैठक कर मंडियों में खरीदे गए धान के स्टॉक की वर्तमान स्थिति और उसके उठान कार्य की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को धान का समयबद्ध उठान सुनिश्चित करने तथा मंडियों में अनावश्यक रूप से स्टॉक जमा न होने देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा उन्होंने मंडी का दौरा कर धान खरीद कार्यों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मंडी में खरीद के लिए पहुंचे धान के स्टॉक की गुणवत्ता, नमी की मात्रा तथा उठान की स्थिति का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि धान की गुणवत्ता और नमी की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाए। साथ ही, धान के स्टॉक का उचित रखरखाव किया जाए और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीदे गए धान का समयबद्ध उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडी परिसर में अनावश्यक रूप से स्टॉक जमा न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान निर्देश दिए गए हैं कि मंडियों में खरीदे गए धान का उठान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि खरीद कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। इसके लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था करने और सभी संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि धान के उठान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।