महेंद्रगढ़ रैली में प्रदेश भाजपा की बेकायदगियों को किया जाएगा उजागर, जेजेपी की रैली होगी ऐतिहासिक: डॉ. अजय सिंह चौटाला

 

mahendra india news, new delhi
 जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में आज भाजपा शासन मेें हालात सभी वर्गों के विपरीत हैं जिससे सभी वर्ग इससे छुटकारा चाहते हैं और ऐसे में केवल जननायक जनता पार्टी ही प्रदेशवासियों की सेवा का वास्तविक विकल्प है। वे सोमवार को चौटाला हाउस में जेजेपी की नौवें स्थापना दिवस पर प्रस्तावित महेंद्रगढ़ रैली की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।

इस सिलसिले में पार्टी के जिला प्रेस प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों मे जोश का संचार करते हुए कहा कि जेजेपी परिवार ने सदैव अपने ही बनाए हुए रिकॉर्ड को भंग किया है और इस बार भी 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में प्रस्तावित रैली अपने पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त करेगी। पार्टी संगठन की मजबूती का मंत्र देते हुए डॉ. चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस रैली का अधिकाधिक लोगों को निमंत्रण दें और अपनी व अपने संगठन की क्षमता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि इस रैली की कामयाबी से प्रदेश में भाजपा की ओर से पैदा की गई तमाम समस्याओं का निदान होगा। इससे पूर्व हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि इस रैली की कामयाबी का प्रभाव पूरे हरियाणा की राजनीति में परिवर्तन लाएगा और प्रदेशवासियों के आशीर्वाद से जेजेपी परिवार प्रदेश की सेवा के लिए प्राथमिकता से कदम बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से जहां एक ओर संगठन की भविष्य की योजनाओं का खाका पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के नेतृत्व में प्रदेशवासियों के समक्ष रखा जाएगा वहीं मौजूदा भाजपा सरकार की विफलताओं को भी उजागर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जब जब उन्हें सत्ता में हिस्सेदारी का मौका मिला है, सदैव जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि आज किसानों की आर्थिक हालत बेहद चिंतनीय है और उन्हें अपनी फसलों को बेचने के लिए 20 से 25 दिन का इंतजार करना पड़ता है। धान की फसल को लेकर किसानों को दरपेश आ रही समस्याओं को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि नमी के बहाने किसानों को 200 से 250 रुपए कम दाम पर बेचने पर मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरा हरियाणा नशे की चपेट में है और मुख्यमंत्री हरियाणा पंजाब में जाकर बयान देते हैं कि हरियाणा में नशा पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वे डबवाली व पंजाब के समीपर्ती हरियाणा के हिस्सों में धरातल पर जाकर स्थिति देखें तो उन्हें वास्तविकता का भान होगा। रैली को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि सभी पदाधिकारी, हलकाध्यक्ष व मुख्य कार्यकर्ता अपनी अपनी भूमिका को बांटकर गांव गांव स्तर पर जाकर रैली का न्यौता दें। उन्होंने कहा कि हर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को न्यौता दिया जाएगा और सिरसा की हाजिरी पहले की तरह इस रैली में नंबर वन रहेगी। उनसे पूर्व युवा जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि डबवाली के सभी गांव स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी और रैली का निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लक्ष्य डॉ. अजय सिंह चौटाला उन्हें देंगे, उसे हर हालत में पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जहां एक ओर रैली में सिरसा की हाजिरी नंबर वन रहेगी वहीं उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिरसा के सभी हलकों में डबवाली हलका नंबर वन रहेगा। उन्होंने भी प्रदेश में बढ़ते अपराध व नशाखोरी का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रदेश में आए दिन अपराध बढ़ रहे हैं जबकि मुख्यंमंत्री पंजाब दौरे में व्यस्त हैं। इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेताओं को आश्वस्त किया कि सिरसा का योगदान इस रैली में अहम रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिले के सभी गांवों व ढाणियों में जाकर जन जन को इस रैली का निमंत्रण देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पार्टी में नए कार्यकर्ताओं को भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में रैली में लाने के लिए पदाधिकारियों व हलकाध्यक्षों तथा नारी शक्ति को प्रयास करने चाहिएं। बैठक को रैली के सिरसा प्रभारी व राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राधेश्याम शर्मा, पार्टी के एससी सैल के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र भागीराम व सर्वजीत मसीतां ने भी संबोधित किया। मंच संचालन अंजनी लढा ने किया। इस अवसर पर पार्टी के सभी हलकाध्यक्ष व जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।