जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, जेसीडी ने सीडीएलयू टॉप-10 में बनाई मजबूत जगह
mahendra india news, new delhi
जेसीडी विद्यापीठ के अंतर्गत संचालित जेसीडी मेमोरियल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग के प्रथम सेमेस्टर विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जेसीडी के महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा द्वारा दिसंबर 2025 में आयोजित परीक्षाओं में कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष 10 स्थानों में अपनी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज करवाई है, जिससे संस्थान का नाम गौरवान्वित हुआ है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वरिंदर सिंह ने परीक्षा परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र अंकुश ने 84.14 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रचना रानी ने 82 प्रतिशत के साथ चतुर्थ स्थान, ईशान ने 78.29 प्रतिशत के साथ अष्टम स्थान, अंश ने 76.14 प्रतिशत के साथ नवम स्थान तथा सूर्यांश ने 76 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दसवां स्थान हासिल किया।
कंप्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थियों में राघव गोयल ने 82.13 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। गौरांग मोंगा ने 80.5 प्रतिशत के साथ चतुर्थ स्थान, दिपांशी ने 78.75 प्रतिशत के साथ सातवां स्थान, बृजेश कुमार ने 78.63 प्रतिशत के साथ अष्टम स्थान तथा अरमान सिंह ने 77.63 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दसवां स्थान हासिल किया। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र माधव ने 8.57 सीजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जेसीडी मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग लगातार अपने उत्कृष्ट परिणामों के कारण विद्यार्थियों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. वरिंदर सिंह ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने एप्लाइड साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सिल्की तथा समस्त संकाय सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह परिणाम टीमवर्क और गुणवत्ता आधारित शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक द्वारा सभी टॉपर विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. वरिंदर सिंह, समन्वयक ई. आर. एस. बराड़, डॉ. सिल्की सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जेसीडी मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पिछले कई वर्षों से उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा अनुभवी शिक्षकों के कारण तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त पहचान बना चुका है और विद्यार्थियों के बीच अपनी लोकप्रियता निरंतर बढ़ा रहा!