जेसीडी मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन
mahendra india news, new delhi
जेसीडी विद्यापीठ के अंतर्गत संचालित जेसीडी मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बी.टेक परीक्षाओं में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश ने अव्वल रहे विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके साथ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वरिंदर सिंह, कोऑर्डिनेटर इंजीनियर आर.एस. बराड़ तथा विभागाध्यक्ष इंजीनियर अमन पाल भी उपस्थित रहे।
कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष इंजीनियर अमन पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बी.टेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (पांचवें सेमेस्टर) की छात्रा श्वेता कुमारी ने 83.89% अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं चहक बंसल ने 83.88% अंक अर्जित कर विश्वविद्यालय में पांचवां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। इन उपलब्धियों से न केवल संस्थान बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
इस अवसर पर डॉ. जयप्रकाश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक पड़ाव है, मंजिल नहीं। विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अंतिम वर्ष में भी इसी प्रकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्थान विद्यार्थियों को बेहतर प्लेसमेंट एवं करियर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वरिंदर सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कंप्यूटर साइंस विभाग के अध्यक्ष इंजीनियर अमन पाल तथा समस्त स्टाफ सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के कोऑर्डिनेटर इंजीनियर आई.एस. बराड़, कंप्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्थान प्रबंधन ने भी इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे परिणाम संस्थान की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रणाली को दर्शाते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह सफलता निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।