SIRSA में कपास की फसल का संयुक्त सर्वेक्षण, किसानों को कीट एवं रोग प्रबंधन की दी जानकारी
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के क्षेत्रीय एकीकृत नाशी जीव प्रबंधन केंद्र फरीदाबाद तथा जिला सिरसा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा कपास की फसल का संयुक्त सर्वेक्षण किया गया। क्षेत्रीय एकीकृत नाशी जीव प्रबंधन केंद्र फरीदाबाद की क्षेत्रीय हेड एवं उपनिदेशक डॉ. वंदना पांडेय के निर्देशन में कृषि विभाग सिरसा के डॉ. विजेंद्र पाल के सहयोग से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कपास की फसलों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान किसानों को कपास में लगने वाले कीट एवं बीमारियों से बचाव के लिए यांत्रिक एवं जैविक कीटनाशक उपायों की जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि फसल के शुरुआती दौर में एक खेत में कीटों की निगरानी एवं रोकथाम के लिए कम से कम चार फेरोमन ट्रैप तथा कपास के ल्यूअर का प्रयोग करें। सर्वेक्षण के दौरान किसानों को एनपीएसएस मोबाइल एप (राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली) के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से किसान अपनी फसल में लगने वाले कीट एवं रोगों की जानकारी और आवश्यक सलाह तुरंत प्राप्त कर सकते हैं, जिससे अनावश्यक रासायनिक कीटनाशकों के प्रयोग को कम किया जा सकेगा।
संयुक्त सर्वेक्षण टीम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के आईआरसीआईपीएमसी फरीदाबाद से सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी लक्ष्मीकांत, सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी के.पी. शर्मा, सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी सुरजी वर्मन तथा कृषि विभाग सिरसा से डॉ. विजेंद्र पाल, सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी उपस्थित रहे।