कलरव - द लिटरेरी फेस्टिवल (Kalrav – The Literary Festival) का आयोजन CDLU परिसर में किया जाएगा
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के डिपार्टमेंट ऑफ इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेज द्वारा छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में कलरव - द लिटरेरी फेस्टिवल (Kalrav – The Literary Festival) का आयोजन आगामी 16 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। यह आयोजन विद्यार्थियों की साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर पंकज शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन, कुलसचिव डॉ सुनील कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह व विभाग के अन्य प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में यह फेस्टिवल विभाग के शोधार्थियों द्वारा आयोजित किया जा रहा है। शोधार्थियों द्वारा विश्वविद्यालय के विभिन्न-विभिन्न विभागों, यूएसजीएस व विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालयों के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को इस फेस्टिवल के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है। शोधार्थियों ने बताया कि इस साहित्यिक महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न ऑन-स्टेज प्रतियोगिताएं जैसे ड्रामा/स्किट, मोनो एक्टिंग, कविता पाठ एवं भाषण आयोजित की जाएंगी।
वहीं ऑफ-स्टेज प्रतियोगिताओं में कैप्शन राइटिंग, स्लोगन राइटिंग, कविता लेखन, पत्र लेखन, विज्ञापन लेखन एवं रिचुअल सिंबल आर्ट शामिल हैं। आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रवेश 3 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक किए जा सकते हैं। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम एवं मल्टी पर्पज हॉल में किया जाएगा।
प्रोफेसर पंकज ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में साहित्य, अभिव्यक्ति एवं सृजनात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है। इच्छुक प्रतिभागी दिए गए रजिस्ट्रेशन लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।