जेसीडी सिरसा में खेलो इंडिया अस्मिता वॉलीबॉल लीग का आयोजन, इन टीमों ने की जीत हासिल
सिरसा में स्थित जेसीडी विद्यापीठ के वॉलीबॉल ग्राउंड में खेलो इंडिया अस्मिता वॉलीबॉल लीग का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ किया जा रहा है। प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अर्जुन सिंह चौटाला उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश ने की। इस अवसर पर डॉ. जय प्रकाश ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं, जो अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के माध्यम से न केवल प्रतिस्पर्धा कर रही हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश भी दे रही हैं। उन्होंने कहा कि
यह प्रतियोगिता महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य वॉलीबॉल के माध्यम से युवतियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाना है। इस आयोजन का संचालन वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा खेलो इंडिया तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे इस प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर की पहचान प्राप्त हो रही है।
मुख्य अतिथि अर्जुन सिंह चौटाला ने युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल खिलाड़ी के सर्वांगीण विकास का आधार हैं जो शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करते हैं तथा जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं।
हरियाणा वॉलीबॉल के अध्यक्ष करण चौटाला ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ महिला खिलाडय़िों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं। सिरसा वॉलीबॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी एवं कोच मुकेश कासनिया ने खिलाडय़िों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
वॉलीबॉल कोच राहुल बेनीवाल ने बताया कि दिनभर खेले गए मुकाबलों में खिलाडय़िों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले मुकाबले में सीडीएलयू और जेसीडी डेंटल कॉलेज के बीच हुए मैच में जेसीडी डेंटल कॉलेज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। इसी प्रकार रूपावास ‘ए’ ने स्वामी विवेकानंद स्कूल को 2-0 से पराजित किया। वारियर स्पोर्ट्स अकादमी ने रूपावास ‘बी’ को 2-0 से हराया, जबकि रूपावास ‘सी’ और ग्राम पंचायत अकादमी के बीच खेले गए मुकाबले में ग्राम पंचायत अकादमी ने 2-0 से जीत हासिल की।
आगे के मुकाबलों में जेसीडी पीजी कॉलेज और जेसीडी मेमोरियल कॉलेज के बीच हुए मैच में जेसीडी मेमोरियल कॉलेज ने 2-0 से जीत दर्ज की। एससीआर जमाल ने द सिरसा स्कूल को 2-0 से पराजित किया। जेसीडी फार्मेसी और जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज के बीच हुए मुकाबले में जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज ने 2-0 से जीत हासिल की।
अन्य मुकाबलों में जेसीडी वॉलीबॉल अकादमी ने जेसीडी मेमोरियल को 2-0
से हराया। वारियर स्पोर्ट्स अकादमी ‘ए’ और रूपावास ‘ए’ के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में रूपावास ‘ए’ ने 2-1 से जीत दर्ज की। दिन के अंतिम मुकाबले में जेसीडी वॉलीबॉल अकादमी ने जमाल की टीम को 2-0 से पराजित किया।
समारोह में कुलसचिव डॉ. सुधांशु गुप्ता, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. ईश्वर मलिक सहित सभी प्राचार्यगण, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता सविता पूनिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।