आईपीएल में आज कोलकाता के सामने होगी गुजरात की चुनौती, केकेआर को प्रथम विजय का करना होगा आगाज
आईपीएल में एक से बढक़र मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। आईपीएल में वीरवार को पंजाब ने मुंबई को 7 विकट से हराकर मुकाबला जीता। आईपीएल में आज शुक्रवार के दिन कोलकाता का गुजरात से मुकाबला होने जा रहा है। केकेआर गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपनी लय में लौटकर प्रथम जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। कप्तान अजिंक्य रहाणे और कोच अभिषेक नायर के नेतृत्व में केकेआर की स्पष्ट रणनीति नजर नहीं आ रही है। उसे अब तक 5 मुकाबले में से 4 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।
केकेआर का अच्छा नहीं प्रदर्शन
पंजाब किंग्स के खिलाफ बरसात के कारण रद कर दिए गए मुकाबले में रहाणे ने बल्लेबाजी का फैसला करके सभी को चौंका दिया, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने ऐसी पिच पर पहले गेंदबाजी का निर्णय किया जो गेंदबाजों के अनुकूल थी। मुंबई इंडियंस के विरुद्ध वह 220 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर सकी जबकि सनराइजर्स हैदराबाद से 65 रन की हार गई, इससे उसकी समस्याएं और बढ़ा दी। इस तरह से केकेआर दिशाहीन टीम नजर आ रही है।
गुजरात घरेलू मैदान पर जीत से दूर
आईपीएल में गुजरात टाइटंस की टीम भी अभी तक अपने घरेलू ग्राउंड पर विजय हासिल नहीं कर पाई है। उसे अभी तक यहां खेले गए एकमात्र मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उसने विरोधी टीम के मैदानों पर 2 जीत हासिल की। उसकी गेंदबाजी मजबूत नजर आ रही है, इसमें प्रसिद्ध कृष्णा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और राशिद खान ने अपनी लय वापस हासिल कर ली है। शुभमन गिल और जोस बटलर जैसे बल्लेबाजों के फॉर्म में आने से गुजरात मजबूत नजर आ रही है।
इस प्रकार हैं टीम
गुजरात टाइटंस की टीम में कप्तान शुभमन गिल, अनुज रावत, जोस बटलर, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर, इशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन,कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बरार, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, एम शाहरुख खान, जयंत यादव, कुलवंत खेजरोलिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में कप्तान अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजरबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी, सार्थक रंजन, सौरभ दुबे।