कुलदीप बिश्नोई की राजस्थानी शैली में बनी आलीशान हवेली तैयार, आज होगा गृह प्रवेश
mahendra india news, new delhi
आदमपुर मंडी के अंदर पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने अपनी आढ़त की दुकान को साढ़े 5 मंजिला कोठी हवेली की तर्ज पर निर्मित भवन के रूप में तैयार कराया है, जिसका गृह प्रवेश आज बुधवार यानि 11 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है। हवन यज्ञ के साथ कुलदीप बिश्नोई इस नए घर में गृह प्रवेश करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कुलदीप बिश्नोई ने इंटरनेट मीडिया पर एक भावुक निमंत्रण जारी किया है।
भावुक निमंत्रण और जनसेवा का संकल्प
पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने अपने एक्स हैंडल पर संदेश में लिखा है कि उनके पिता पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल द्वारा स्थापित रिश्ते को निभाना उनके और भव्य बिश्नोई के लिए सबसे बड़ा संकल्प है। उन्होंने जनता के विश्वास और स्नेह को अपनी ताकत और पूंजी बताया है। बुधवार के दिन 11 नवंबर को आदमपुर मंडी में गृह प्रवेश के मौके पर वे सभी की राह देखेंगे और उनसे आशीर्वाद की कामना की है, ताकि जनसेवा की परंपरा उसी समर्पण से आगे बढ़ती रहे। उन्होंने जनता से उसी अपनेपन से आने का आग्रह किया है, जैसे वे उनके पिता के पास आते थे, और कहा है कि यह घर और कुलदीप भी जनता का है।
भव्य बिश्नोई के साथ गृह प्रवेश
पूर्व सीएम स्व. चौधरी भजनलाल का परिवार अब दिल्ली और हिसार के साथ-साथ आदमपुर में भी समय बिताएगा। बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई का राजस्थानी पत्थरों से तैयार कराया गया यह भवन अब बनकर तैयार है। कुलदीप बिश्नोई और उनके बेटे भव्य बिश्नोई ने पूरे विधानसभा क्षेत्र के लोगों को निमंत्रण दिया है। हिसार जिले के सभी सात हलकों में अलग-अलग प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, और विधायक, पूर्व विधायक व पूर्व चेयरमैन अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं तक पहुंचकर व्यक्तिगत निमंत्रण दे रहे हैं। कुलदीप बिश्नोई, उनकी पत्नी रेणुका और बेटे भव्य बिश्नोई भी लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की तैयारी की जा रही है। गृह प्रवेश कार्यक्रम में आने वाले मेहमानों के लिए देसी घी का हलवा, कढ़ी और चूरमा सहित कई अन्य व्यंजन परोसे जाएंगे।
हवेली की तर्ज पर निर्मित भवन
आपको बता दें कि आदमपुर मंडी यह साढ़े 5 मंजिला घर राजस्थानी शैली में बनाया गया है और इसका डिजाइन शानदार है। इसमें बारीक नक्काशी, नक्काशीदार खंभे और पारंपरिक हवेलियों जैसी बालकनियां शामिल हैं। भवन का बाहरी हिस्सा धौलपुर पत्थर से तैयार किया गया है, और प्रांगण में इंटरलॉकिंग टाइल्स ब्लॉक का फर्श बिछाया गया है।
इसी के साथ ही प्रवेश द्वार पर शीशम के बने पारंपरिक शाही नक्काशीदार दरवाजे लगाए गए हैं, जिन पर पीतल के गोल स्टेड लगे हैं, जो इसे प्राचीन किले या हवेली का लुक देते हैं। घर में 12 कमरे हैं। ग्राउंड फ्लोर पर कार्यालय है, एक फ्लोर पर भव्य बिश्नोई और दूसरे पर कुलदीप बिश्नोई रहेंगे। सबसे ऊपर भव्य के लिए जिम बनाया गया है। घर के अंदर एक बड़ा हॉल है जिसमें थिएटर स्टाइल में कुर्सियां, आधुनिक फॉल्स सीलिंग, वेंटिलेशन और जाली वर्क डिजाइन वाली दीवारें हैं। ऊपर की मंजिलों तक जाने के लिए आधुनिक लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध है, साथ ही सीढय़िां भी हैं।