कुलदीप जांगड़ा ने संभाला हरियाणा रोडवेज सिरसा के महाप्रबंधक का पद

 

mahendra india news, new delhi
हरियाणा राज्य परिवहन, सिरसा में श्री कुलदीप जांगड़ा ने महाप्रबंधक (जीएम) के पद का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया तथा बालिकाओं की सुरक्षित व सुगम यात्रा के उद्देश्य से ‘बालिका वाहिनी’ के संचालन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

जांगड़ा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज आमजन की जीवनरेखा है और यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध एवं सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया।


उन्होंने विशेष रूप से महिला सुरक्षा और सुविधा पर जोर देते हुए कहा कि ‘बालिका वाहिनी’ पहल छात्राओं के लिए सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने और उसे संरक्षित रखने की अपील भी की।


उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता रहेगी कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और समय पर सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। ‘बालिका वाहिनी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से हम बेटियों की सुरक्षा और सुविधा को और मजबूत करेंगे। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जैसे कार्यों को भी निरंतर बढ़ावा दिया जाएगा। मैं सभी कर्मचारियों से अपेक्षा करता हूं कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए विभाग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।