लखपति दीदी और ड्रोन दीदी से महिलाओं को मिल रहे आत्मनिर्भरता के नए अवसर : अर्चना गुप्ता

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
पंचायत भवन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं पदाधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री वेद फूला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन भारत भूषण, एडवोकेट भावना शर्मा, सुनीता सैनी, जसविंद्र पाल पिंकी, बिमला सिवर, पार्षद सुमन शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में 60 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे लगभग 6.5 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। यह संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। समूहों को सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है, जिसके माध्यम से महिलाएं अपने रोजगार स्थापित करती हैं और धीरे-धीरे प्राप्त राशि वापस भी करती हैं। यह व्यवस्था महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रही है।


उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। केंद्र सरकार की योजनाओं को हरियाणा में भी प्रभावी ढंग से लागू किया गया। तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने इन योजनाओं को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग दिया है। लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें नए अवसर प्रदान कर रही हैं।


डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपनी जिम्मेदारियों और भूमिकाओं को समझते हुए यह भी विचार करना चाहिए कि वे आज जिस मुकाम पर पहुंची हैं, उसके पीछे सरकार की महिला सशक्तिकरण को लेकर बनाई गई दूरदर्शी सोच है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक गांव में महिला चौपाल स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं वहां बैठकर अपने कार्यों और गतिविधियों का संचालन कर सकें। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि जब तक महिला चौपाल का निर्माण नहीं होता, तब तक वे गांव की अन्य चौपालों का भी उपयोग करने का प्रयास करें। इसके लिए उन्हें संकोच करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि आज स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अचार, पापड़ सहित विभिन्न उत्पाद तैयार कर स्वरोजगार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।


उन्होंने परिवारों से भी महिलाओं को आगे बढ़ाने और उनका सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार की सास, दादी सास और अन्य सदस्य महिलाओं की ताकत बनें, न कि उनकी राह में रुकावट। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि आज कई परिवारों में दादी सास भी अपनी बहुओं को घर से बाहर निकलकर काम करने और आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। यह सामाजिक बदलाव महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक कदम है।