नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव में घर पर गिरी आसमानी बिजली, युवती घायल, मकान क्षतिग्रस्त, बिजली के उपकरण जले
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव तरकांवाली में गुरुवार रात्रि को आसमानी बिजली गिरने से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया। आसमानी बिजली गिरने से बिजली के उपकरण जलने से नुकसान हुआ है। वहीं घर में दरारें आ गई और एक युवती घायल हो गई। जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि आसमानी बिजली गिरने की यह घटना चंदुराम वर्मा के घर पर हुई, जहां बिजली गिरने से मकान में जगह-जगह गहरी दरारें पड़ गईं। चंदु राम ने बताया कि आसमानी बिजली घर की पानी की टंकी को चीरते हुए सीधे चौबारे पर गिरी, जिससे भवन चारों ओर से क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर के सभी बिजली उपकरण पंखा, कूलर, एसी, फ्रिज और एलसीडी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिससे लाखों रुपये का अतिरिक्त नुकसान हुआ है।
घटना के समय घर में मौजूद 18 साल की ज्योति घरेलू कार्य कर रही थी। अचानक बिजली के झटके (छर्रे) लगने से वह बेहोश हो गई। स्वजनों द्वारा तुरंत उसे सिरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के बाद अब उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। आसमानी बिजली के प्रकोप से मकान की छत (लेंटर) में भी कई जगह गंभीर दरारें आ गई हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार मकान को भी लाखों रुपये का भारी नुकसान पहुंचा है।
गांव निवासी चंदुराम वर्मा खेती के लिए जमीन हिस्से पर लेकर गुजर-बसर करते हैं और उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस प्राकृतिक आपदा में हुए भारी नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपने घर को खड़ा कर सकें। गांव में इस घटना के बाद भय का माहौल है और लोग आसमानी बिजली से बचाव के उपायों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।