एम.एड. परीक्षा परिणाम: शाह सतनाम जी कॉलेज आफ एजुकेशन की बेटियों ने लहराया परचम
यूनिवर्सिटी टॉप-10 में तीन छात्राओं ने बनाई जगह, संस्थान में खुशी का माहौल
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय द्वारा घोषित एम.एड. प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में शाह सतनाम जी कॉलेज आॅफ एजुकेशन, सिरसा की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों की सूची में कॉलेज की तीन छात्राओं ने अपनी जगह बनाई है।
मिली जानकारी के अनुसार महाविद्यालय की श्वेता ने 80.89 प्रतिशत अंक हासिल कर विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि हमीता ने भी 80.89 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं रूपसी ने 77.23 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नौवां स्थान हासिल किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से कॉलेज में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रशासिका डॉ. चरणप्रीत कौर व प्राचार्या डॉ. रजनी बाला ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ-साथ पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन आशीर्वाद एवं उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। अंत में प्रशासिका, प्राचार्या तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।