श्री अग्रवाल पार्क ट्रस्ट में धूमधाम से मनाई जाएगी महाराजा अग्रसेन जयंती

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। श्री अग्रवाल पार्क ट्रस्ट, सिरसा एवं अग्रोहा विकास ट्रस्ट, सिरसा की ओर से अग्रकुल भूषण महाराजा अग्रसेन जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। जयंती समारोह का मुख्य कार्यक्रम 9 अक्तूबर 2026, शुक्रवार को श्री अग्रवाल पार्क, जनता भवन रोड, सिरसा में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कार्यक्रम के सह आयोजक अनिल सर्राफ व अंजनी कनोडिया ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि अग्रोहा विकास ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग तथा पावन सान्निध्य गोविंद कंडा, मुख्य सेवक श्री तारा बाबा कुटिया का रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुरुषोत्तम गोयल करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:00 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रहेगी तथा महाराजा अग्रसेन जी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। भजन-कीर्तन एवं देशभक्ति गीतों के साथ शोभायात्रा नगर भ्रमण करेगी।

इसके बाद सुबह 9:15 बजे ध्वजारोहण, 9:30 बजे माल्यार्पण, 10:00 बजे भजन एवं महाराज आरती तथा 10:30 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। सुबह 11:00 बजे श्रद्धालुओं के लिए सहभोज एवं प्रसाद वितरण होगा। ट्रस्ट की ओर से जयंती समारोह के अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के युवा बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। कार्यक्रम में विशाल भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने समाज के सभी बंधुओं, युवाओं, महिलाओं एवं व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर समारोह की शोभा बढ़ाने और महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।