हरियाणा प्रदेश में शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, प्रदेश के 687 गैर-मान्यता प्राप्त निजी स्कूल बंद करने की तैयारी; एडमिशन पर लगाई रोक 

 

mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के अंदर अभी बिना मान्यता के निजी स्कूल चलाए जा रहे हैं। अब ऐसे स्कूलों पर गाज गिरने वाली है। शिक्षा विभाग द्वारा इन स्कूलों पर शिकंजा कसा जाएगा। बता दें कि शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत सीटें न दिखाने वाले प्राईवेट स्कूलों पर शिक्षा निदेशालय की कड़ी नजर है। हरियाणा प्रदेश के शिक्षा निदेशालय ने 22 जिलों के अंदर सर्वे करवाया है। इनमें करीबन 687 स्कूलों की पहचान की है, जोकि 3 वर्ष से बड़े अफसरों की आंखों में धूल झोंककर शिक्षा के नाम पर दुकानें चला रहे थे।

जानकारी के अनुसार इस सर्वे रिपोर्ट में पता चला है कि 687 स्कूलों के पास न मान्यता से संबंधित दस्तावेज मिले और न ही विशेष समयाविधि तक एडमिशन करने के अधिकार से कोई संबंधित दस्तावेज मिले। इस पर निदेशालय ने उपरोक्त स्कूलों से एडमिशन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसी के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्त को भी पत्र जारी करने का फैसला लिया है, जोकि गैर-मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर आगामी कार्रवाई करेंगे।

413 प्राईवेट स्कूलों ने दिखाई 3000 सीटें
हरियाणा के अंदर 1100 स्कूलों को सर्च किया था। इनके पास मान्यता से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले थे। प्रदेश सरकार ने स्कूलों को दस्तावेज पूरे करने का वक्त भी दिया। जिस पर हरियाणा में 413 प्राईवेट स्कूलों ने मान्यता से संबंधित दस्तावेज पूरे कर दिया। इसी के साथ ही आरटीई के तहत 3000 सीटें भी दिखाई। इसके बाद हरियाणा सरकार ने शेष 600 से अधिक स्कूलों पर कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए है।

प्रदेश सरकार ने इस बार एक किलोमीटर का दायरा ही रखा है। इसके दायरे में छात्र प्राईवेट स्कूल में उपरोक्त स्कीम के तहत आवेदन कर सकेगा। छात्र 6 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-5049801 भी जारी कर दिया है। किसी तरह की कोई शिकायत हो तो अभिभावक उपरोक्त हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करवा सकता है।