दीपावली पर सिरसा पुलिस का तस्करों को बड़ा झटका, 2 स्कॉर्पियो पर पुलिस का शिकंजा, 31.50 लाख की संपत्ति फ्रीज
mahendra india news, new delhi
दीपावली के त्योहार पर SIRSA पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ ऐसा प्रहार किया है, जिससे उनके अवैध कारोबार की आर्थिक ताकत को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने दो पेशेवर नशा तस्करों की करीब 31 लाख 50 हजार रुपये कीमत की दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को फ्रीज करवा दिया है। इस कार्रवाई के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस की इस कार्रवाई में नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र के गांव दड़बा कलां निवासी जयवीर उर्फ जयवीर की स्कॉर्पियो तथा शहर थाना पुलिस द्वारा रानियां चुंगी निवासी अर्पण पुत्र रोहतास की स्कॉर्पियो शामिल है।एसपी दीपक सहारन ने बताया कि अर्पण के खिलाफ वर्ष 2023 से अब तक नशा तस्करी के 10 मामले दर्ज हैं। वहीं जयवीर के खिलाफ वर्ष 2005 से अब तक पांच मामले दर्ज होने पाए गए हैं। जयवीर को तस्करी के एक मामले में 10 साल तथा दूसरे मामले में सात साल की सजा हो चुकी है, जबकि तीन मामले अभी अदालत में विचाराधीन हैं। अर्पण ने गाड़ी अपने पिता के नाम करवा रखी थी, जिसे पुलिस ने जांच में सत्यापित कर कार्रवाई की है।
अब न बेच सकेंगे, न किसी के नाम करा सकेंगे गाड़ियां दोनों आरोपियों की संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, DELHI को भेजा गया था। इसके बादNDPS अधिनियम 1985 की धारा 68एफ(2) के तहत दोनों गाड़ियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए। अब इन संपत्तियों को बेचना या किसी दूसरे के नाम हस्तांतरित करना संभव नहीं होगा।एसपी दीपक सहारन ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को नशे की काली कमाई से बनाई गई संपत्ति का ब्यौरा जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का मकसद केवल तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उनकी आर्थिक ताकत खत्म कर पूरे नेटवर्क को जड़ से ध्वस्त करना है। नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।