हरियाणा में लाल डोरा जमीन के मालिकाना हक को लेकर बड़ा फैसला, आपत्ति और अपील के लिए शुरू होगा स्वामित्व पोर्टल
mahendra india news, new delhi
हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत हरियाणा आबादी देह (स्वामित्व अधिकारों का निहित होना, अभिलेखन और समाधान) से संबंधित कार्यवाही समयबद्ध रूप से की जाएगी।
हरियाणा सरकार के आदेशानुसार प्रत्येक गांव में इस कार्य के लिए तिथि एवं समय निर्धारित कर तालिका जारी की जाएगी। इसकी जानकारी संबंधित गांवों में मुनादी एवं चौकीदार के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
निर्धारित समयावधि के बाद यदि किसी भी हकदार व्यक्ति को मालिकाना हक अथवा कब्जे से संबंधित कोई आपत्ति है, तो वह हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए जाने वाले स्वामित्व पोर्टल के माध्यम से अपने तथ्यों एवं साक्ष्यों सहित आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त आवेदनों का निपटारा संबंधित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं सहायक कलेक्टर द्वितीय श्रेणी द्वारा अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए निर्धारित समयावधि में किया जाएगा।
यदि किसी हकदार व्यक्ति को संबंधित अधिकारी द्वारा दिए गए फैसले पर कोई आपत्ति है, तो वह निर्धारित समयावधि के भीतर संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एवं सहायक कलेक्टर प्रथम श्रेणी के समक्ष अपील कर सकता है। इसके बाद भी यदि कोई आपत्ति शेष रहती है, तो निर्धारित समयावधि में जिला कलेक्टर के समक्ष अपील प्रस्तुत की जा सकती है। इन सभी प्रक्रियाओं एवं अपीलों के निपटारे के बाद अंतिम आदेशों के अनुसार लाल डोरा क्षेत्र में विवाद रहित भूमि के स्वामित्व का राजस्व रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।