गुजरात से मंगवाए गए ऑनलाइन पेस्टिसाइड एवं फर्टिलाइजर खरीद में बड़ा गड़बड़झाला: सूचना के बाद SIRSA प्रशासन ने माल लिया कब्जे में

 

Mahendra india news, new delhi
सिरसा। आॅनलाइन विज्ञापन देखकर गुजरात से मंगवाए गए पेस्टिसाइड तथा फर्टिलाइजर उत्पादों में कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बीकेई के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने कीर्ति नगर पुलिस चौकी में शिकायत देकर गुजरात किसान फर्टिलाइजर कंपनी, राजकोट (गुजरात) के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। औलख ने बताया कि फेसबुक पर चल रही आॅनलाइन ऐड देखकर कंपनी से उत्पाद आॅनलाइन मंगवाए थे, जिसके लिए 14,574 रुपये आॅनलाइन भुगतान किया।

कंपनी द्वारा वीआरएल लॉजिस्टिक लिमिटेड ट्रांसपोर्ट के माध्यम से माल भेजा गया था। उन्होंने बताया कि जब वह वीआरएल ट्रांसपोर्ट, आॅटो मार्केट सिरसा में माल लेने पहुंचे तो बिल तथा बिल्टी देखी तो उस पर मंगवाए हुए उत्पादों का उल्लेख नहीं था। इस पर कीर्ति नगर पुलिस चौकी में शिकायत दी गई।  शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग की टीम एचसी सुनील कुमार के साथ गुण नियंत्रण अधिकारी अमित कुमार, SDO कोमल तथा बीकेई टीम से अंग्रेज सिंह कोटली, गुरपिंदर सिंह काहलो, गुरजीत सिंह मान, शीशपाल कसवां, दलीप सहारन एवं श्याम लाल शर्मा वीआरएल ट्रांसपोर्ट, आॅटो मार्केट पहुंचे।

प्रशासन की मौजूदगी में ट्रांसपोर्ट पर रखी गई सफेद रंग की पेटियां खुलवाई गईं, जिन पर बाहर किसी प्रकार का विवरण अंकित नहीं था। पेटियों के अंदर मोनोक्रोटोफास, डीडीवीपी, नाइट्रोबेंजीन, क्लोरोपारिफोस तथा सल्फर 90 प्रतिशत पैक पाया गया। इनमें से कुछ उत्पादों पर भारत सरकार द्वारा प्रतिबंध होने के बावजूद मई 2026 की निर्माण तिथि अंकित थी। इसके बाद कीर्ति नगर पुलिस चौकी ने पूरे माल को अपनी कस्टडी में ले लिया तथा कृषि विभाग को जांच के लिए पत्र भेजा। कृषि विभाग क्लोरोपारिफोस,  तथा सल्फर 90 प्रतिशत की गुणवत्ता जांच हेतु सैंपल लिए गए, मोनोक्रोटोफॉस, नाइट्रोबैजिन 35 प्रतिशत तथा डीडीवीपी 76 प्रतिशत प्रतिबंध होने के कारण उसके सैंपल नहीं लिए गए।

लखविंदर सिंह औलख ने किसानों एवं कृषि डीलरों से अपील करते हुए कहा कि वे सस्ते के लालच में आॅनलाइन माध्यम से पेस्टिसाइड्स, फर्टिलाइजर्स, बायो फर्टिलाइजर्स तथा बीजों की खरीदारी से बचें। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के दुकानदारों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान एकता (बीकेई) द्वारा भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार को आॅनलाइन माध्यम से हो रही पेस्टिसाइड एवं फर्टिलाइजर बिक्री पर सख्त नियंत्रण तथा प्रतिबंध लगाने की मांग भेजी जाएगी ताकि किसानों को धोखाधड़ी से बचाया जा सके। गुजरात से आई हुई पेस्टिसाइड्स तथा फर्टिलाइजर कीर्ति नगर चौकी अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस तथा कृषि विभाग द्वारा गुजरात किसान फर्टिलाइजर कंपनी के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।