नशा तस्करी के नेटवर्क पर सिरसा पुलिस का बड़ा प्रहार, 15 लाख की इनोवा क्रिस्टा कार सीज
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
नशे का कारोबार कर लाखों-करोड़ों की संपत्ति बनाने वाले तस्करों पर अब SIRSA पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस न केवल नशा तस्करों को जेल भेज रही है, बल्कि उनकी काली कमाई से बनाई गई संपत्ति पर भी चोट कर रही है। इसी कड़ी में रानियां थाना पुलिस ने गांव नाईवाला निवासी दविंदर उर्फ देवेंद्रा पुत्र श्रवण सिंह की करीब 15 लाख रुपये कीमत की टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार सीज करवाने की कार्रवाई की है ।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि रानियां थाना पुलिस ने आरोपी की संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा था। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68एफ(2) के तहत आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए हैं। संबंधित विभागों को नोटिस भी भेज दिए गए हैं। अब इन संपत्तियों को बेचना या किसी अन्य के नाम हस्तांतरित करना संभव नहीं होगा।
2 राज्यों में दर्ज हैं नशा तस्करी के मामले
एसपी ने बताया कि दविंदर उर्फ देवेंद्रा के खिलाफ वर्ष 2025 में रानियां थाना में 56 किलो 550 ग्राम चूरा पोस्त तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2024 में पंजाब के बठिंडा जिले के संगत थाना में 150 ग्राम अफीम तस्करी का मामला भी दर्ज है।
नशे की कमाई का हिसाब होगा, तस्करों को नहीं मिलेगी राहत
एसपी दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नशा तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्यौरा जुटाएं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने रोडमैप तैयार किया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और नशे की काली कमाई पर कानून का शिकंजा लगातार कसा जाएगा ।