योग को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा, स्वस्थ नागरिक से ही बनेगा स्वस्थ भारत : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
mahendra india news, new delhi
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि योग किसी एक विशेष दिन या तारीख पर करने का सीमित अभ्यास नहीं है, बल्कि इसे हमें अपनी दैनिक जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा बनाना होगा। जब हर नागरिक इसे अपने जीवन में उतारेगा, तभी एक स्वस्थ समाज की नींव रखी जा सकती है।
कैबिनेट मंत्री शनिवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम के हॉकी मैदान में महिला एवं बाल विकास, आयुष विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में व्यस्तता और तनाव के कारण इंसान कई बीमारियों से घिर रहा है। ऐसी स्थिति में योग ही एक मात्र ऐसा साधन है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक दोनों स्तरों पर पूरी तरह स्वस्थ रखता है। योग न केवल हमारे शरीर को ऊर्जावान और लचीला बनाता है, बल्कि यह हमारे मस्तिष्क को भी शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अगर देश के नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होंगे, तो हमारा देश भी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा और स्वस्थ रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और निरंतर प्रयासों के कारण ही आज योग को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिली है। आज पूरा विश्व भारतीय संस्कृति के इस अनमोल उपहार को अपना रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग की स्वीकार्यता इस बात का प्रमाण है कि यह संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए कितना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर योग अभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे न केवल स्वयं का हिस्सा बनें और योग से जुड़े, बल्कि अपने आस-पास के लोगों, मित्रों और परिवारजनों को भी योग करने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में एक बेहद सकारात्मक संदेश देते हुए मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को पौधे भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से आयोजकों ने न केवल स्वास्थ्य सुधार का संकल्प लिया, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का एक मजबूत संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. आशु शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्र पाल नागर ने उपस्थितजनों को योग का महत्व बताया तथा योग प्रशिक्षक पंकज व आइना ने योग क्रियाएं करवाई।
इस दौरान एसडीएम राजेंद्र जांगड़ा, जिला अध्यक्ष भाजपा यतिन्द्र सिंह एडवोकेट, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, राजेंद्र सिंह देशुजोधा, शीशपाल कंबोज, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, अमीर चंद मेहता, गुरदेव सिंह राही, नरेश पुनिया, सीडीपीओ सुदेश कुमार, संरक्षण अधिकारी अंजना डूडी आदि गणमान्य सहित योग साधक मौजूद रहे।