मम्मड़ खेड़ा स्कूल का 12वीं कक्षा का परिणाम रहा शत-प्रतिशत
विद्यालय के छह विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान अर्जित कर संस्थान को किया गौरवान्वित
Mammad Kheda School achieved 100% results in the 12th grade. Six students made the school proud by securing positions on the merit list. MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मम्मड़ खेड़ा ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस सत्र में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कक्षा में पंजीकृत सभी 17 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है।
विद्यालय की इस उपलब्धि में छह विद्यार्थियों ने विशेष स्थान बनाया है। पंकज ने 500 में से 468 अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। कविता ने 457 अंकों के साथ द्वितीय तथा सुमित ने 446 अंकों के साथ तृतीय स्थान अर्जित किया।
इनके अतिरिक्त पूजा ने 433, पिंकी ने 413 एवं स्नेहा ने 411 अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराया। विद्यालय के प्राचार्य नीरज पाहुजा ने इस अवसर पर कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों के सतत परिश्रम, अध्यापकगण के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस उपलब्धि से समस्त विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है।