मकसूद की सफलता से दादी हाजरी बानो का सपना हुआ साकार, दर्द बदला गर्व में

 

mahendra india news, new delhi

SIRSA जिले के गाँव कागदाना के लिए यह गर्व का विषय है कि गाँव के होनहार खिलाड़ी मकसूद पुत्र नेकमोहमद ने भोपाल में आयोजित ओपन नेशनल शूटिंग गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

मकसूद की इस उपलब्धि ने न केवल गाँव बल्कि उनके परिवार में भी खुशी की लहर दौड़ा दी है। विशेष रूप से उनकी दादी हाजरी बानो पत्नी स्व. सादिक खान के लिए यह पल जीवन का सबसे बड़ा और भावुक क्षण बन गया है।

परिजनों के अनुसार, मकसूद के बचपन से ही न बोल पाने और न सुन पाने की स्थिति के कारण दादी के मन में हमेशा एक दर्द और चिंता रहती थी। उन्हें अपने पोते के भविष्य की फिक्र सताती थी, लेकिन आज उसी पोते की मेहनत और लगन ने उस दर्द को गर्व में बदल दिया है।

हाजरी बानो ने भावुक होकर कहा कि उन्हें अपने पोते पर बेहद गर्व है और उसकी सफलता ने उनके दिल को सुकून दिया है।

मकसूद की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि मजबूत इरादों और कठिन परिश्रम के दम पर हर बाधा को पार किया जा सकता है। गाँव कागदाना में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है और ग्रामीणों द्वारा मकसूद को बधाइयाँ दी जा रही हैं।