बीकेई के प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए गांव खारियां में बैठक आयोजित: महेंद्र नैन/ हरपाल पूनिया
mahendra india news, new delhi
सिरसा। भारतीय किसान एकता (BKE) द्वारा 5 अगस्त को सिरसा में आयोजित किए जा रहे किसानों-मजदूरों के विशाल प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए गांव खारियां में किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को महेंद्र नैन तथा गौशाला प्रधान हरपाल पूनिया ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों एवं मजदूरों की राष्ट्रीय और स्थानीय मांगों को लेकर 5 अगस्त, बुधवार को सुबह 10:30 बजे जाट धर्मशाला, सिरसा से उपायुक्त कार्यालय तक मार्च निकालकर सरकार के नाम मांग-पत्र सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि गांव खारिया सहित आसपास के कई किसानों का खरीफ 2024 का फसल बीमा क्लेम अभी तक लंबित है। एसबीआई बैंक द्वारा महीनों बाद बीमा प्रीमियम वापसी का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि किसानों का प्रीमियम समय पर काटा गया था। उन्होंने मांग की कि प्रीमियम कटते ही किसानों को फसल बीमा पॉलिसी जारी की जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।
बैठक में कहा गया कि प्रदर्शन के दौरान एफटीए (मुक्त व्यापार समझौते) रद्द करने, एमएसपी खरीद गारंटी कानून लागू करने, किसानों-मजदूरों की संपूर्ण कर्ज मुक्ति, बिजली संशोधन विधेयक एवं सीड्स बिल वापस लेने जैसी राष्ट्रीय मांगों के साथ-साथ पर्याप्त नहरी पानी, निर्बाध बिजली, समय पर खाद उपलब्ध कराने, यूरिया घोटाले के मास्टरमाइंड पर सख्त कार्रवाई, लंबित फसल बीमा क्लेम और मुआवजा जारी करने सहित स्थानीय किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
महेंद्र नैन एवं गौशाला प्रधान हरपाल पूनिया ने गांव खारियां एवं आसपास के क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों से 5 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में सिरसा पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में इंद्रपाल नैन, राजकुमार नैन, दलीप बिराला, सुरेंद्र जाखड़, सुरजीत नैन, जगदीश नैन, राय सिंह, ओम प्रकाश मेहता, राजकुमार नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।