दूध के उचित रेट को लेकर गांव मंगाला में बैठक, 19 सितंबर को जिला स्तरीय बैठक का निर्णय
mahendra india news, new delhi
गांव मंगाला स्थित गुरुद्वारा बाबा भूमन शाह जी में रविवार को पशुपालकों, किसानों, किसान संगठनों, डेयरी संचालकों एवं आमजन की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में दूध के उचित एवं लाभकारी रेट को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में गांव मंगाला, ढाणी काहन सिंह, टीटू खेड़ा और सालारपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों एवं पशुपालकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक में नकली दूध, नकली पनीर, खोया तथा अन्य नकली दुग्ध उत्पादों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि नकली दुग्ध उत्पादों के कारण पशुपालकों को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है। सरकार को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। नकली दूध बंद हो का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों ने शुद्ध दूध को बढ़ावा देने और नकली दुग्ध उत्पादों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
बैठक में किसान साथियों, पशुपालकों एवं डेयरी संचालकों ने अपने-अपने विचार रखे और दूध उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 सितंबर को जिला स्तरीय बैठक गुरुद्वारा चिल्ला साहिब में आयोजित की जाएगी, जिसमें दूध के उचित रेट सहित पशुपालकों से जुड़े अन्य मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस मौके पर जसबीर सिंह भाटी, मैक्स साहुवाला, गुरी सेखों, गोरा बराड़, अंकुश, आकाश हांडा, कुलजीत, मट दादू, हरमन रंधावा सहित अनेक किसान, पशुपालक, डेयरी संचालक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।