मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक 19 को
- मुख्यमंत्री प्रात: 06 बजे मुख्य धाम बाबा भूमणशाह, ग्राम भूमणशाह (संगर सरिस्ता) में योग कार्यक्रम में करेंगे शिरकत
सिरसा, 18 जून।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 19 जून को सिरसा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लेने के साथ-साथ जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रात: 6 बजे मुख्य धाम बाबा भूमणशाह, ग्राम भूमणशाह (संगर सरिस्ता) पहुंचेंगे, जहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। योग कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
योग कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री प्रात: 9 बजे स्थानीय पंचायत भवन, सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 15 जनशिकायतों एवं परिवादों की सुनवाई की जाएगी। पंचायत भवन प्रांगण में जनकल्याण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा बैठक की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों का संपूर्ण रिकॉर्ड एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।
-----------
मत्स्य व झींगा पालन से किसानों की आय में हो रहा इजाफा, जिले में 33.22 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी वितरित : जगदीश चंद्र
- चार महीनें में तैयार होती है सफेद झींगा, साढे तीन से चार टन प्रति एकड़ की दर से उत्पादन लेते हुए तीन से चार लाख रुपये मुनाफा
सिरसा, 18 जून।
जिले की बंजर, रेतीली व खारे पानी वाली भूमि मत्स्य एवं झींगा पालन के क्षेत्र में नई पहचान बना रही है। जिले में हजारों एकड़ क्षेत्र में हो रहे मत्स्य और झींगा उत्पादन से किसानों की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2020-21 से अब तक किसानों को 33.22 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे इस क्षेत्र के विस्तार को नई गति मिली है। वित्त वर्ष 2024-25 में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा बजट घोषणा पत्र में जिला सिरसा के लिए एक एक्सीलेंसी सेंटर / एक्वा पार्क स्थापित करने की घोषणा की गई थी, जिसके लिए जिला सिरसा के ऐलनाबाद ब्लॉक के गांव पोहडक़ां में 25 एकड़ पंचायती जमीन चिन्हित की गई है।
जिला मत्स्य अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया कि ओटू स्थित सरकारी मछली बीज फार्म से मत्स्य पालकों को भारतीय मेजर कार्प प्रजातियों (रोहू, कतला, मृगल) तथा कॉमन कार्प जैसी मछली बीज उपलब्ध करवाया जाता है। वहीं चौपटा, बड़ागुढ़ा, ओढ़ां, डबवाली और ऐलनाबाद क्षेत्र के खारे पानी वाले इलाकों में सफेद झींगा पालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। यह लगभग चार माह में सफेद झींगा तैयार हो जाता है, जिससे किसान प्रति एकड़ 3 से 5 लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 1,947 एकड़ क्षेत्र में 1,800 तालाबों के माध्यम से झींगा पालन किया जा रहा है, जिससे प्रतिवर्ष करीब 6,500 मीट्रिक टन झींगा उत्पादन हो रहा है। इस गतिविधि से 480 झींगा पालक जुड़े हुए हैं। सिरसा जिला के लगभग 350 पंचायती तालाबों में भी मत्स्य पालन किया जा रहा है। जिले में मत्स्य उत्पादों के बेहतर भंडारण एवं परिवहन के लिए पांच रेफ्रिजरेटेड वाहन तथा तीन कोल्ड स्टोर/आइस प्लांट कार्यरत हैं। इसके अलावा कोल्ड स्टोर स्थापना के लिए 2 करोड़ 9 लाख 37 हजार 976 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2020-21 से अब तक मत्स्य एवं झींगा पालकों को 31 करोड़ 12 लाख 80 हजार 573 रुपये की अनुदान राशि वितरित की जा चुकी है। विभिन्न मदों को मिलाकर अब तक जिले में कुल 33 करोड़ 22 लाख 18 हजार 549 रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि मत्स्य एवं झींगा पालन किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक प्रभावी विकल्प बनकर उभरा है तथा विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से इस क्षेत्र को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।