मिड डे मील कर्मचारियों ने दिया फायर कर्मचारियों के धरने को समर्थन
सिरसा। फरीदाबाद अग्निकांड में हुई दो फायर कर्मियों भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह की मौत के मामले में परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर फायर कर्मचारियों का धरना जारी है।
मंगलवार को धरने को मिड डे मील कर्मचारियों ने समर्थन दिया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान राजेश खिचड़ ने की। यूनियन की राज्य प्रधान राजरानी ने कहा कि फरीदाबाद हादसे में मारे गए दोनों कर्मचारियों के परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कर्मचारी संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी हुई है।
कर्मचारी शांतिपूर्वक अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार कर्मचारियों की मांगों को अनसुना कर कर्मचारियों को आंदोलन के लिए उकसा रही है। उन्होंने कहा कि तमाम कर्मचारी वर्ग फायर कर्मचारियों के साथ है और जब तक मृतक दोनों कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता, संघर्ष और मजबूती से जारी रहेगा। इस मौके पर जिला प्रधान राजेश खिचड़ ने कहा कि ठेका प्रथा, कौशल रोजगार निगम, पालिका रोल, डोर-टू-डोर और आॅपरेशन मेंटेनेंस जैसे सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की भी मांग को भी पूरा नहीं कर रही है।
जिला प्रधान ने कहा कि आगामी 16 अप्रैल को तीन घंटे का काम बंद, 20-21 अप्रैल को काले बिल्ले लगाकर विरोध, 24-25 अप्रैल को उल्टा झाड़ू प्रदर्शन, 27-28 अप्रैल को क्रमिक भूख हड़ताल और एक और दो मई को दो दिवसीय राज्य स्तरीय हड़ताल की जाएगी। इस मौके पर मिड डे मील जिला प्रधान संतोष, गगन फतेहाबाद जिला प्रधान, वीरपाल मोरीवाला, निर्मला चोपटा, सुखदेव सिंह कोषाध्यक्ष, बलवंत सहारण प्रधान, हरजिंदर सिंह उप प्रधान, करण, सतीश, प्रहलाद ढाका, रामनिवास, अनिल, राजेंद्र बिश्नोई सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।