मिशन बुनियाद लेवल-3 परीक्षा एवं ओरिएंटेशन: छात्रों के सपनों को मिली नई उड़ान, सुनीता साईं के नेतृत्व में चमका सिरसा

 

Mahendra india news, new delhi
सिरसा चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में सोमवार को मिशन बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिरसा जिले के 416 चयनित मेधावी विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा के तुरंत बाद आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्राचार्यों सहित एक हजार से अधिक लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे हॉल में उत्साह, ऊर्जा और उम्मीद का माहौल देखने को मिला, जहां हर चेहरे पर कुछ बड़ा करने का जज्बा साफ झलक रहा था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीईओ जिला परिषद सुभाष चंद्र रहे,

जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, मुख्यमंत्री सुशासन सहायक पुरु रोहिला एवं उपजिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार सचदेवा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न खंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न स्कूल के प्राचार्यगण, स्वागत कमेटी के लिए प्राचार्य मदन मालिक, सुनील वर्मा, सतपाल गाट एवं वरिष्ठ प्रवक्ता अंकुर छाबड़ा, चिमन लाल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डा. मुकेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ डा. प्रियदर्शन बेनीवाल, एफएलएन कोआॅर्डिनेटर डा. कपिल देव, पीएफएम्एस नोडल हरीश चावला, विकल्प संस्थान के संस्थापक नवीन मिश्रा, मिशन बुनियाद के निदेशक प्रदीप संसलवाल एवं उनकी टीम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उनके साथ अपने अध्यापक से एचसीएस अधिकारी बनने की कहानी सांझा की और बच्चों से कहा कि मिशन बुनियाद आपके लिए एक सुनहरा अवसर है, इसे पूरी लगन से अपनाएं।

जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता कभी आसान नहीं होती, यह निरंतर प्रयास, अनुशासन और संघर्ष का परिणाम होती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें और हर दिन खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करें। मुख्यमंत्री सुशासन सहायक पुरु रोहिल्ला ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही वह मजबूत सीढ़ी है, जो व्यक्ति को गरीबी से समृद्धि तक पहुंचाती है। नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और बड़े सपने ही सफलता की असली कुंजी हैं।

जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने आयोजन में उपस्थित बच्चों एवं उनके अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं के सशक्त नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के कारण सिरसा जिले ने मिशन बुनियाद लेवल-1 में नामांकन के मामले में 7000 का आंकड़ा सबसे पहले पार किया तथा 6509 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने से केवल दो चीजें रोकती हैं डर और बहाने। अगर आप इन दोनों पर जीत हासिल कर लेते हैं, तो सफलता निश्चित है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद की आगामी रणनीति, अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर मार्गदर्शन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारण, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। अभिभावकों को भी इस पहल के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि बच्चों की सफलता में उनके सहयोग और सकारात्मक वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षकों को विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में कुछ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए और बताया कि मिशन बुनियाद ने उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस दिया है।

कई अभिभावकों ने इस पहल को सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए एक नई उम्मीद की किरण बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बार-बार तालियों की गूंज सुनाई देती रही, जो विद्यार्थियों के उत्साह और आत्मविश्वास को दर्शा रही थी। यह आयोजन केवल एक परीक्षा और ओरिएंटेशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक ऐसे मंच के रूप में उभरा, जिसने बच्चों के भीतर छुपी संभावनाओं को पहचानने और उन्हें नई दिशा देने का कार्य किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि मिशन बुनियाद आने वाले समय में और भी अधिक विद्यार्थियों के जीवन को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रहा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं।


-मिशन बुनियाद केवल एक शैक्षिक पहल नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने का एक सशक्त मंच है। हमारा उद्देश्य है कि सरकारी विद्यालयों का हर विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ बड़े लक्ष्य निर्धारित करे और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। सीमित संसाधन कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनते, अगर इरादे मजबूत हों।
-डा. सुनीता सार्इं, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा

 


-मिशन बुनियाद का उद्देश्य केवल परीक्षा पास करवाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देना है। मैं बच्चों से यही कहना चाहता हूं—डर और बहानों को पीछे छोड़कर मेहनत को अपना साथी बनाएं, सफलता आपके कदम चूमेगी।
-डा. मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सिरसा।