स्वामी विवेकानंद स्कूल अरनियावाली के होनहार खिलाड़ी मोहित डूडी का भारतीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में चयन, चीन में कर रहे हैं भारत का प्रतिनिधित्व
mahendra india news, new delhi
अरनियावाली (सिरसा)। स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अरनियावाली के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के होनहार खिलाड़ी मोहित डूडी का भारतीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में चयन हुआ है। वर्तमान में मोहित चीन के हाईकोउ शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिसमें 16 देशों की टीमें भाग ले रही हैं।
मोहित डूडी ने 23 जून को वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा भुवनेश्वर में आयोजित ट्रायल में भाग लिया था। प्रारंभिक चरण में 22 खिलाड़ियों का चयन कर राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इसके बाद 9 जुलाई को हुए अंतिम चयन में मोहित का भारतीय अंडर-18 टीम में लिबरो (Libero) के रूप में चयन किया गया।
भारतीय टीम ने प्रतियोगिता के अपने पहले मुकाबले में बहरीन को हराकर शानदार शुरुआत की है। मोहित का चयन केवल सिरसा ही नहीं बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है।
मोहित के पिता *श्री राजेश डूडी *, निवासी गांव पीलीमंदोरी, एक सामान्य किसान हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की प्रतिभा को निखारने के लिए उसे जेसीडी सिरसा की वॉलीबॉल अकादमी में विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया। उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए अत्यंत गौरव और खुशी का क्षण है।
इस अवसर पर मोहित के बड़े भाई **अनूप लहगा **तथा उनके पिता श्री राजेश डूडी स्वामी विवेकानंद स्कूल, अरनियावाली पहुंचे और विद्यालय परिवार के साथ अपनी खुशी साझा की। विद्यालय परिवार ने मोहित की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।