सिरसा जिले में लाखों रुपये की हेरोइन सहित बाइक सवार युवक गिरफ्तार
mahendra india news, new delhi
सिरसा। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने कुत्ताबढ़ रोड, ओटू-रानियां क्षेत्र से बाइक सवार एक युवक को लाखों रूपए की 29 ग्राम 29 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरू पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव चक साहिब, जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रानियां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार टीम क्षेत्र में गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम कुत्ताबढ़ रोड ओटू-रानियां क्षेत्र में मौजूद थी।
सामने से एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक ने अचानक बाइक वापस मोड़ ली और वहां से निकलने का प्रयास किया। पुलिस टीम को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी, जिस पर पीछा कर उसे काबू कर लिया गया। पुलिस ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 29 ग्राम 29 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने नशा तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया है ।पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।