सीडीएलयू और यूरोपियन यूनियन एंगेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

 

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा और यूरोपियन यूनियन एंगेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर (EUEIC), के बीच अकादमिक सहभागिता, संस्थागत साझेदारी तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। MoU का उद्देश्य विश्वविद्यालय और यूरोपीय उच्च शिक्षण एवं कौशल संस्थानों के बीच शैक्षणिक एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए एक संस्थागत ढांचा तैयार करना है।


कुलगुरु कार्यालय के कमेटी रूम में आयोजित इस कार्यक्रम में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलगुरु  प्रो. विजय कुमार, कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार , डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुशील  कुमार,डीन इंटरनेशनल रिलेशंस एंड फॉरेन अफेयर्स प्रो. अनु शुक्ला, एलिना सवेरियडस ,प्रो. पंकज शर्मा , प्रो. रामेहर,  प्रो. ओम प्रकाश सांगवान उपस्थित रहे। MoU पर सीडीएलयू की ओर से कुलपति प्रो. विजय कुमार तथा EUEIC की ओर से संस्थापक एवं चेयरमैन श्री जस्मीत सैनी ने हस्ताक्षर किए।


MoU के तहत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए स्टूडेंट मोबिलिटी, फैकल्टी एक्सचेंज, डुअल डिग्री एवं ज्वाइंट डिग्री की संभावनाओं पर चर्चा, क्रेडिट ट्रांसफर, शॉर्ट-टर्म इमर्शन प्रोग्राम तथा समर और विंटर अकादमिक कार्यक्रमों जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशने का प्रावधान है।इसके अतिरिक्त कौशल विकास कार्यक्रमों, इंडस्ट्री-एकेडमिया सहयोग, प्रमाणपत्र आधारित कार्यशालाओं और एप्लाइड ट्रेनिंग प्रोग्राम के माध्यम से विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा। कार्यशालाओं, सेमिनारों, सम्मेलनों, संस्थागत नेटवर्किंग कार्यक्रमों तथा द्विपक्षीय अकादमिक मंचों और प्रतिनिधिमंडल यात्राओं के आयोजन की भी संभावनाएं MoU में शामिल हैं।

EUEIC की ओर से यूरोपीय शैक्षणिक संस्थानों से परिचय कराने, संस्थागत स्तर पर संवाद एवं चर्चाओं के समन्वय, सहयोगी ढांचे के निर्माण तथा जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं शिक्षकों ने इस समझौते को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। MoU की अवधि हस्ताक्षर की तिथि से  पांच वर्ष निर्धारित की गई है तथा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से इसे आगे नवीनीकृत किया जा सकता है।

इस समझौते से सीडीएलयू के विद्यार्थियों और शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ संवाद, अकादमिक गतिविधियों एवं ज्ञान-विनिमय के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग का आधार तैयार होगा।
बॉक्स आइटम
कार्यक्रम उपरांत कुलगुरु तथा यूरोपियन यूनियन एंगेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर (EUEIC) के पदाधिकारियों ने यूनिवर्सिटी के विधार्थियों से इंटरेक्शन किया और उनके करियर से सम्बंधित जानकारी दी तथा जीवन के प्रतेयक क्षेत्र में सफलता का मूल मन्त्र दिया।