सीडीएलयू SIRSA में कचरा प्रबंधन को लेकर हुआ एमओयू
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में ठोस कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को लेकर विश्वविद्यालय और पूजा वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, रोहतक के बीच सांझा करार पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के तहत किया गया है। इस समझौते के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में उत्पन्न कचरे का संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण एवं निपटान वैज्ञानिक विधि से किया जाएगा, जिससे परिसर को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सके।
इस अवसर पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, SIRSA के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने समझौता करार पत्र पर हस्ताक्षर किए।
पूजा वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, की तरफ से संदीप इस मोके पर उपस्थित थे। यह समझौता प्रारंभिक रूप से 3 वर्षों के लिए मान्य रहेगा, जिसे कार्य निष्पादन के आधार पर आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकता है। कचरा प्रबंधन कार्य की निगरानी विश्वविद्यालय की कंस्ट्रक्शन शाखा द्वारा की जाएगी। इस मौके पर कार्यकारी अभियंता राकेश गोदारा ने कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार का धन्यवाद किया और कहा कि इस सांझा करार पत्र से हरित कैंपस विकसित होगा। इस अवसर पर अधीक्षक रामचंदर मौर्य, हरमीत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।