एमएसजी अवतार महीना बना सेवा, समर्पण और मानवता का संगम, पूज्य गुरु जी की प्रेरणा से जरूरतमंदों तक पहुंची मदद
mahendra india news, new delhi
पूजनीय परम पिता शाह सतनाम जी महाराज के पावन एमएसजी अवतार महीने के उपलक्ष्य में पूज्य गुरु संत डा. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन प्रेरणा से डेरा सच्चा सौदा की साध-संगत द्वारा सेवा का महाकुंभ अभियान निरंतर पूरे उत्साह और मानवता भाव के साथ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत समाज के हर वर्ग किसान, गरीब, असहाय, बच्चे, बुजुर्ग व रोगियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं। सेवा कार्यों की खास बात यह है कि इन सभी मानवता भलाई अभियानों का खर्च पूज्य गुरु जी अपनी ओर से वहन कर रहे हैं।
किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से डेरा सच्चा सौदा द्वारा उन्हें उत्तम गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया गया है। इस मुहिम की शुरूआत स्वयं पूज्य गुरु जी द्वारा अति जरूरतमंद किसानों को बीज वितरित कर की गई। इसी कड़ी में शनिवार को शाह मस्ताना जी-शाह सतनाम जी धाम, डेरा सच्चा सौदा सिरसा में आयोजित सत्संग कार्यक्रम के दौरान जिले के गांव नुहियांवाली, धर्मपुरा व दारेवाला के अति गरीब किसानों को सब्जियों के उच्च गुणवत्ता वाले बीज वितरित किए गए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपनी आजीविका बेहतर कर सकें। वहीं अपनों का सहारा मुहिम के तहत सिरसा शहर की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों को कपड़े, जूते व अन्य आवश्यक सामान प्रदान किया गया। रोशनी की राह मुहिम के अंतर्गत शहर के एक संस्थान में अध्ययनरत मंदबुद्धि बच्चों के लिए खाद्य सामग्री व स्टेशनरी उपलब्ध करवाई गई, जिससे उनके दैनिक जीवन व पढ़ाई में सहयोग मिल सके। मुफ्त हक मुहिम के तहत अधिवक्ताओं द्वारा जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सलाह दी गई।
देश भक्ति मुहिम के अंतर्गत प्रशासनिक अनुमति के पश्चात ढाणी सावनपुरा स्थित स्कूल में सफाई अभियान चलाकर विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाया गया। स्वस्थ समाज मुहिम के अंतर्गत गांव शाहपुर बेगू निवासी अति जरूरतमंद बहन शांति देवी तथा गांव बाजेकां निवासी भजन लाल को शौचालय बनाकर सौंपे गए, जिससे स्वच्छता व स्वास्थ्य को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही करियर गाइड मुहिम के तहत विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर उन्हें उनकी रुचि व क्षमता के अनुसार बेहतर करियर चुनने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। सहारा-ए-इन्सां मुहिम के अंतर्गत उन गरीब परिवारों की सहायता की जा रही है जिनके मुखिया या इकलौते संतान की नशे की लत के कारण मृत्यु हो चुकी है।
इसी क्रम में नेजिया निवासी तीजा देवी व शीला देवी को कंबल, राशन व अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान कर सहयोग किया गया। वहीं अनाथ व बेसहारा बुजुर्गों को गोद लेकर माता-पिता की तरह देखभाल करने की मुहिम के तहत गुजरात निवासी 55 वर्षीय प्रेम चंद का उपचार करवाया जा रहा है तथा आवश्यकता अनुसार उनकी सेवा के लिए सेवादार की व्यवस्था भी की गई है। सेवा के महाकुंभ अभियान के अंतर्गत शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल, सिरसा में चल रहे नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों की श्रृंखला में शनिवार को नेत्र रोग जांच शिविर लगाया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नेत्र रोगियों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया गया। वहीं एमएसजी नेचुरोपैथी अस्पताल में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से रोगों का उपचार लगातार जारी रहा। पूरे अभियान के दौरान साध-संगत ने पूज्य गुरु जी की शिक्षाओं पर चलते हुए मानवता, सेवा व परोपकार का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
मुफ्त हक मुहिम के तहत लगाए गए निशुल्क कानूनी परामर्श एवं जागरूकता शिविर में एडवोकेट राजेंद्र सिंह सरां, बख्शीश सिंह, गुरप्रीत दौला, आशीष सिंह, परविंद्र गाबा, हरेराम, कुलदीप सिंह, उदे सरां, आर.एल. लूथरा, गुरप्रीत कौर, गुरदीप कौर, वंदना व रीतू ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं करियर गाइड शिविर में प्रो. शशि आनंद इन्सां, राहुल, आकाश, विकास, सॉफ्टवेयर इंजीनियर सन्नी गुप्ता, कमलेश आनंद इन्सां, डा. महक, चंचल व नीतू चुघ ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।