CDLU SIRSA में संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के संगीत विभाग द्वारा भारत रत्न से सम्मानित महान शास्त्रीय गायक पंडित भीमसेन जोशी की जन्मतिथि के उपलक्ष्य में एक संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगीत विभागाध्यक्ष डॉ कमलेश रानी ने बताया कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के मार्गदर्शन तथा कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शास्त्रीय गायन एवं भजन प्रस्तुत कर महान संगीत साधक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ कमलेश ने पंडित भीमसेन जोशी के भारतीय शास्त्रीय संगीत में अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन और साधना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी में शास्त्रीय संगीत के प्रति रुचि जागृत होती है और महान कलाकारों की स्मृति को सम्मानपूर्वक नमन किया जाता है।
कार्यक्रम में विभाग की प्राध्यापक डॉ. सरस्वती चतुर्वेदी, डॉ. दीपक वर्मा सहित संगीत विभाग के विद्यार्थी प्रतिष्ठा, सोनू, कनुप्रिया, हर्षविंदर, चारू, लवप्रीत, राजवीर, सुजीत, ममता, हर्षा, रेणु, भेषज एवं सूरज उपस्थित रहे।