बीपीएल परिवारों को 3 माह से नहीं मिला सरसों का तेल, पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने CM नायब सैनी को लिखा पत्र
mahendra india news, new delhi
पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने कहा कि त्योहारों के सीजन में वार्ड नंबर 20 एवं 21 के बीपीएल परिवारों को पिछले तीन माह से न तो सरसों का तेल मिला है और न ही उनके बैंक खातों में राशि पहुंची है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर को पत्र लिखकर उनके संज्ञान में लाया है ताकि वे इसमें हस्तक्षेप करें और बीपीएल परिवार को न्याय मिले।
इस सिलसिले में पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने कहा कि गरीब परिवारों को पिछले करीब तीन महीनों से न तो सरसों का तेल ही मिला है और न ही उसके बदले मिलने वाली राशि ही उनके बैंक खातों में पहुंची है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के घरों में चूल्हा कैसे जलेगा? उन्होंने कहा कि अक्तूबर और नवंबर त्योहारों के महत्वपूर्ण महीने हैं। इन दिनों हर परिवार अपने घर में त्योहार मनाने की तैयारी करता है। ऐसे समय में बीपीएल परिवारों को मिलने वाली राशन संबंधी सुविधाओं में देरी चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बिना सरसों के तेल के गरीब परिवार त्योहार कैसे मनाएंगे?
नीतू सोनी ने कहा कि अक्तूबर माह का सरसों का तेल नवंबर माह में मिलने वाले तेल के साथ एक साथ दिए जाने की बात कही गई है जिससे गरीब परिवारों की चिंता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है क्योंकि ये त्योहारों का सीजन है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर से मांग की कि इस व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू करवाया जाए, ताकि पात्र परिवारों को उनका हक समय पर मिल सके।