हरियाणा स्थापना दिवस पर गोपाल कांडा और गोबिंद कांडा ने दी प्रदेशवासियों को बधाई, बोले- विकास और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़े हरियाणा
n the occasion of Haryana Foundation Day, Gopal Kanda and Gobind Kanda extended their greetings to the people of the state, expressing the wish that Haryana continues to advance on the path of development and prosperitymahendra india news, new delhi
हरियाणा राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व मंत्री गोपाल कांडा एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने प्रदेशवासियों और विशेषकर सिरसा जिला के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने अपने छह दशक के सफर में विकास, मेहनत, खेल और देश सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। किसान, जवान और पहलवानों का यह प्रदेश अपनी विशिष्ट संस्कृति, परंपराओं और मेहनतकश लोगों के लिए पूरे देश में जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। तब से लेकर आज तक प्रदेश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए। उन्होंने कहा कि बिना पर्ची-बिना खर्ची के पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिले और प्रदेश के विभिन्न वर्गों को इसका लाभ पहुंचा।
गोपाल कांडा एवं गोबिंद कांडा ने कहा कि हरियाणा की पहचान उसकी मेहनतकश जनता, मजबूत कृषि व्यवस्था, देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों और खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से है। प्रदेश के युवाओं ने खेलों से लेकर सेना और अन्य क्षेत्रों तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ये दोनों चुनौतियां समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिए सरकार, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। अंत में उन्होंने कामना की कि हरियाणा इसी तरह विकास और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे। प्रदेश में भाईचारा, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा हरियाणा देश के विकास में निरंतर अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहे। उन्होंने एक बार फिर प्रदेश के सभी नागरिकों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।