नाथूसरी चौपटा के बीडीपीओ ने दूसरे प्रयास में पास की आरएएस की परीक्षा, ऐसे हासिल की मंजिल
नाथूसरी चौपटा के बीडीपीओ डा. स्टालीन सिद्वार्थ सचदेवा ने प्रशासनिक सेवा (आरएएस) परीक्षा में 279वीं रैंक हासिल की है। राजस्थान के सुरतगढ़ के निवासी डा. स्टालीन सिद्वार्थ सचदेवा ने ऐसा कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी कामयाबी से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। बता दें कि बीडीपीओ डा. स्टालीन सिद्वार्थ सचदेवा ने इससे पहले वर्ष 2023 में 352 रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने कार्यभार नहीं संभाला।
दो से तीन घंटे तक की पढ़ाई
बीडीपीओ डा. स्टालीन सिद्वार्थ सचदेवा ने बताया कि हरियाणा प्रदेश में प्रशासनिक सेवा होने के कारण आरएएस की पढ़ाई करना मुश्किल हो गया था। कार्य की अधिकता के कारण समय मिलना मुश्किल था। आरएएस की परीक्षा में मंजिल पाने के लिए रात्रि के समय 2 से 3 घंटे तक पढ़ाई की। वहीं दोस्त पुष्पेंद्र चाहर अध्यापक ने समय समय पर पूरा साथ देने के साथ हौंसला दिया।
पिता है इंजीनियर
बीडीपीओ डा. स्टालीन सिद्वार्थ सचदेवा के पिता एसके सचदेवा इंजीनियर है। वहीं बड़ा भाई लेनिन सचदेवा आर्किटेक्ट (वास्तुकार) है। जबकि माता पिंकी गृहिणी है। इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना देखने को मिल रही है। उनके चयन की खबर मिलते ही रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने परिवार को बधाई दी।