नेशनल कॉलेज से विद्यार्थियों का हुआ कैम्प्स प्लेसमेंट, मिली अच्छे पैकेज की नौकरियां
mahendra indianews
राजकीय नेशनल महाविद्यालय, सिरसा में प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह की अध्यक्षता एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. विवेक गोयल के कुशल मार्गदर्शन में पिछले कुछ दिनों से प्लेसमेंट ड्राइव चलाया जा रहा है, जिसके तहत सिरसा के आसपास स्थित कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है
तथा विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. रमेश सोनी ने बताया कि इस श्रंखला में सर्वप्रथम बायोकॉल पीवीटी एलएमटी, जो कि बायो-फ़र्टिलाइजर्स बनाने वाली कम्पनी है, को आमंत्रित किया गया। बायोकॉल ने दो सत्रों में लगभग 50 विद्यार्थीयों का साक्षात्कार किया और अंतिम रूप से तीन विद्यार्थियों ख़ुशी, अनुराग और संदीप कुमार को चुना है।
कंपनी ने इन विद्यार्थियों को लगभग तीन लाख पचास हज़ार के पैकेज पर नौकरी दी है। इन विद्यार्थियों की सफलता ने महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी आशा की किरण जगाई है व कैम्पस साक्षात्कार में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया है। महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ. अनीता मड़िया ने विद्यार्थियों को शुभकामना देते हुए भावी जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. विवेक गोयल ने सेल के अन्य सदस्यों डॉ. संदीप बेनिवाल, डॉ. मंजू मेहता, सरोज विनायक इस आयोजन में विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।