राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा 7 दिवसीय CDLU विश्वविद्यालय स्तरीय शिविर का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा 7 दिवसीय विश्वविद्यालय स्तरीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर यूथ फॉर माय भारत एंड डिजिटल लिटरेसी विषय पर आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना तथा डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ रोहतास ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय शिविर की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस शिविर में हरियाणा के विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा सीडीएलयू से संबंधित महाविद्यालयों के स्वयंसेवक भाग लेंगे। शिविर में कुल 200 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे,
जिनमें 100 छात्राएं एवं 100 छात्र शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सामाजिक सरोकारों, डिजिटल साक्षरता, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सेवा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, कार्यशालाएं तथा समूह गतिविधियां आयोजित की जाएंगी,
जिससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास हो सके। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविर युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हैं और उन्हें राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ शिविर में भाग लेने का आह्वान किया।