शाह सतनाम जी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, विशेष अभियान 6.0 का हुआ समापन

 

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
 शाह सतनाम जी कॉलेज आॅफ एजुकेशन SIRSA में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मिनिस्ट्री आॅफ एजुकेशन डिपार्टमेंट आॅफ लिटरेसी और एनसीटीई के निर्देशानुसार एनएसएस कमेटी की ओर से आयोजित विशेष अभियान 6.0 का भी समापन हुआ। एक अक्तूबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत पूरे महीने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। एनएसएस प्रभारी संदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं।

इसकी शुरूआत विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाने और कॉलेज परिसर में सफाई अभियान चलाने से हुई। इसके बाद प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर लघु फिल्म दिखाकर प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं जल संरक्षण, अपशिष्ट जल प्रबंधन, इको क्लब के सहयोग से स्वच्छता अभियान और पौधरोपण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ई-कचरा संग्रहण अभियान के तहत अनुपयोगी पुरानी वस्तुओं का निस्तारण किया गया। इसके अलावा स्वच्छता विषय पर स्लोगन लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं।

अभियान के अंतिम दिन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बीएड और डीएलएड के छात्र अध्यापकों ने भाग लिया। राष्ट्रीय एकता दिवस पर स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने देश की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा गया कि उनके अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व के सम्मान में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

देश की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। वहीं विशेष अभियान 6.0 को केवल औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वच्छता, जागरूकता और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का अवसर बताया गया। अभियान का उद्देश्य कार्यस्थलों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाना, अनावश्यक सामग्री का निस्तारण करना और पुराने अभिलेखों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करना है।