घायल होमगार्ड जवान से मिले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, CM व डीजीपी से कार्रवाई की मांग

 

 Mahendra india news, new delhi
ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान सोमनाथ से हुई मारपीट से घायल हुए जवान से आॅल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने मुलाकात कर जवान का हालचाल जाना। घायल जवान ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को बताया कि वह रतिया के सरदूलगढ़ रोड पर एक नाके पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, तभी बाइक चालक को रोका गया, जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस व बाइक के अन्य दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने बाइक जप्त कर ली।

  जवान के अनुसार वह बाइक लेकर थाने जा रहा था तो बाइक वाले ने अपने परिजनों को बुला लिया, जिन्होंने बीच रास्ते में रोक उसके साथ मारपीट कर दी, जिसमें एक महिला ने होमगार्ड जवान का कॉलर पकड़ कर गाली-गलौच की। इसी दौरान गश्त करने निकली रतिया थाने की प्रभारी पुष्पा सिहाग ने हंगामा देख होमगार्ड जवान को हमलावरों से बचाया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर जवान का इलाज चल रहा है, मामले की शिकायत पुलिस में दे दी गई है।

मारपीट व अन्य धाराओं में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो लोग अभी फरार हैं। पुलिस थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने आश्वासन दिया कि जल्द ही बाकी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चंद्रपाल तंवर और संगठन सचिव जसवीर सिंह सहित अन्य जवानों और परिजनों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पुलिस के डीजीपी अशोक सिंघल से मांग की कि सभी हरियाणा होमगार्ड जवानों को असला के साथ  ड्यूटी दी जाए, क्योंकि ऐसी घटनाएं काफी जिलों में पहले भी घट चुकी है।