NDRF ने आमजन को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के प्रति किया जागरूक
सिरसा जिला में NDRF की 7वीं बटालियन, भठिंडा की टीम 15 दिनों के विशेष दौरे पर पहुंची है। यह टीम जिले के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर आमजन को आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक करेगी। इसी क्रम में मंगलवार को टीम ने गांव पनिहारी और फरवाई कलां का दौरा किया, जहां विद्यालयों में विद्यार्थियों को आपदा के दौरान स्वयं, अपने परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को आपात स्थिति में सतर्क रहने, प्राथमिक बचाव उपाय अपनाने और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने के तरीके समझाए गए। साथ ही टीम ने घग्घर नदी और गांवों में बनाए गए रिंग बांधों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के एसडीओ ने तटबंधों और रिंग बांधों के निर्माण, उनकी मजबूती और समय-समय पर होने वाली मरम्मत की जानकारी साझा की। इस जागरूकता कार्यक्रम का सफल संचालन एनडीआरएफ टीम से त्रिलोक के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सरपंच, पंचायत सचिव, पटवारी, स्कूल प्रिंसिपल और आपदा प्रबंधन अधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इन गांवों में होंगे कार्यक्रम
जिला राजस्व अधिकारी संजय चौधरी ने बताया कि यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे लोगों में जागरूकता और तैयारियों को मजबूत किया जा सके। आगामी कार्यक्रमों के तहत 22 अप्रैल को गांव केलनियां और अलानूर, 23 अप्रैल को गांव मत्तड़ और नागोकी तथा 24 अप्रैल को गांव खैरेकां और झोरड़वाली में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 25 अप्रैल को ओटू जलाशय पर सिंचाई विभाग के बेलदारों और नाव चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि आपदा के समय प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।