CDLU सिरसा में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ

 

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय,SIRSA में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता का वीरवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व कुलपति पत्रकारिता यूनिवर्सिटी भोपाल एवं वर्तमान में भारतीय चित्र साधना के अध्यक्ष प्रोफेसर बृज किशोर कुठियाला द्वारा किया गया, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय खो खो खिलाडी मीनू जून उपस्थित रही।

 


कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं आकर्षक मार्च-पास्ट के साथ हुई, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों से आई टीमों ने अनुशासन एवं एकता का परिचय दिया। इसके पश्चात खिलाड़ियों द्वारा खेल भावना एवं निष्पक्षता की शपथ ली गई। खेल परिषद की सचिव डॉ. सविता ढांडा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।

 


मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए हमें प्राचीन एवं आधुनिक इतिहास के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने हनुमान जयंती की सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि हनुमान जी सफलता के आदर्श उदाहरण है। उन्होंने खिलाड़ियों को समर्पण एवं परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही एक बड़ी उपलब्धि है और सम्मान मिलना उसका छोटा परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि अनेक राज्यों की बेटियां इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि दिशा और अनुशासन के सिद्धांतों को अपनाकर अपने लक्ष्य को सफल बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि नॉर्थ जोन से 32 टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। कुलगुरु ने खिलाड़ियों को जीवन में सफलता के लिए ‘फाइव सी’ चरित्र, कुशलता, रचनात्मकता, करुणा और प्रतिबद्धता को अपनाने का संदेश दिया।


विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मीनू जून ने कहा कि खो-खो खेल आज के समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने खिलाडियों को खेल को खेल की भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इस खेल में भी रोजगार की अपार सम्भावनाएँ है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर एआईयू आब्जर्वर की भूमिका में प्रो. रविंदर पाल अहलावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. चनप्रीत ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुशील कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरिंदर सिंह, स्पोर्ट्स काउंसिल की अध्यक्ष प्रो. मोनिका वर्मा, उपाध्यक्ष प्रो. अशोक मलिक सहित विश्वविद्यालय के सभी डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे। 

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में आयोजित नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता के अंतर्गत पहले दिन खेले गए मुकाबलों में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर चले मुकाबलों में कड़े संघर्ष और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
प्रातःकालीन सत्र में खेले गए मैचों में जिन टीमों ने जीत दर्ज की, उनमें चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर, प्रो. राजेंद्र सिंह विश्वविद्यालय, प्रयागराज, डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा, वीएमएसबी उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी, देहरादून, कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल, श्री देव सुमन उत्तराखंड, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र तथा सेंट्रल संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली शामिल रहे। इन टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
सायंकालीन सत्र के मुकाबले भी बेहद रोमांचक रहे, जहां खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति और टीम भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों ने अनुशासन एवं खेल भावना का पालन करते हुए प्रतिस्पर्धा को उच्च स्तर पर बनाए रखा। विश्वविद्यालय प्रशासन एवं स्पोर्ट्स काउंसिल ने सभी विजेता टीमों को बधाई दी तथा अन्य प्रतिभागियों को भी भविष्य के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह बना हुआ है।