लकड़ी के कोल्हू से प्राकृतिक तरीके से निकले तेल ने कमलकांत को दिलाई अलग पहचान

 

mahendra india news, new delhi
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े छोटे उद्यमों को आगे बढऩे के अवसर मिल रहे हैं। इस योजना का लाभ उठाकर मंडी डबवाली निवासी कमल कांत ने ‘ऑर्गेनिक नेचुरल एग्रो’ के नाम से अपना व्यवसाय स्थापित किया और आज लकड़ी के कोल्हू से तैयार किए जा रहे प्राकृतिक तेलों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है। कमल कांत ने बताया कि उन्होंने लकड़ी के कोल्हू से कोल्ड प्रेस्ड तेल निकालने का कार्य शुरू किया था।

अपने व्यवसाय को विस्तार देने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत वित्तीय सहायता एवं बैंक ऋण का लाभ लिया। उन्हें करीब 12 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने अपने व्यवसाय को विस्तार दिया और उत्पादन एवं विपणन की सुविधाओं को मजबूत किया।


शुद्ध तेल उत्पादन से मिली रोजगार की राह
 ‘ऑर्गेनिक नेचुरल एग्रो’ में लकड़ी के कोल्हू से प्राकृतिक तरीके से तेल निकाला जाता है। कमल कांत ने बताया कि इस प्रक्रिया में तेल को अत्यधिक गर्म नहीं किया जाता, जिससे तेल के प्राकृतिक गुणों को बनाए रखने में मदद मिलती है। लकड़ी के कोल्हू से तेल निकालने की पारंपरिक पद्धति के कारण उनके उत्पादों को ग्राहकों द्वारा पसंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में उनकी इकाई में 8 कर्मचारी कार्यरत हैं। उनके व्यवसाय का वार्षिक कारोबार लगभग 40 लाख रुपये तक पहुंच गया है। इस प्रकार उनका उद्यम स्वयं के लिए आय का साधन बनने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार का माध्यम बना है।


ऑनलाइन बिक्री से देशभर में पहुंच रहे उत्पाद
कमल कांत के अनुसार, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत उन्हें वित्तीय सहायता के साथ-साथ उत्पादों की बिक्री एवं विपणन के क्षेत्र में भी सहयोग मिला। आज उनके उत्पादों की बिक्री ऑनलाइन माध्यम से होने के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों एवं प्रमुख शहरों में भी हो रही है। दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों पर उनके उत्पाद ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से उत्पादों की बिक्री बढऩे के कारण उनके व्यवसाय का बाजार भी लगातार विस्तारित हुआ है। कमल कांत ने सफल व्यवसाय स्थापित करने में सहयोग के लिए सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों को मिल रहा प्रोत्साहन
सिरसा जिले में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत डेयरी, बेकरी, फल एवं सब्जी प्रसंस्करण, खाद्य उत्पादों तथा अन्य खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों से जुड़े उद्यमियों को लाभ दिया जा रहा है। योजना के माध्यम से छोटे उद्यमियों को अपने व्यवसाय को स्थापित करने और विस्तार देने में सहायता मिल रही है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, जिला केंद्र की ओर से युवाओं एवं उद्यमियों से अपील की गई है कि वे प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का लाभ उठाकर खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अपना व्यवसाय शुरू या विस्तारित कर सकते हैं। योजना के तहत पात्र उद्यमियों को परियोजना लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इच्छुक युवा एवं उद्यमी योजना की जानकारी एवं लाभ प्राप्त करने के लिए जिला सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।